#राजनीति

August 24, 2026

अटैची लेकर विधानसभा पहुंचे BJP विधायक, CM सुक्खू के खिलाफ लगाए नारे... हुआ हंगामा

आज बेरोजगारी पर सुक्खू सरकार को घेरने की तैयारी

शेयर करें:

Himachal Pradesh Assembly Monsoon Session Jairam Thakur BJP Protest Congress Government

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का तीसरा दिन शुरू होने से पहले ही विपक्ष ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। भाजपा विधायक अटैची लेकर विधानसभा परिसर में पहुंचे और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। इस दौरान विधायकों ने कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान ‘अटैची वाला मुख्यमंत्री किसने देखा, हमने देखा’ जैसे नारे लगाए गए।

अटैचियां लेकर पहुंची BJP

भाजपा ने यह प्रदर्शन कांग्रेस नेता और पूर्व CPS एवं कृषि मंत्री के बेटे नीरज भारती की ओर से लगाए गए कथित भ्रष्टाचार के आरोपों को आधार बनाकर किया। भारती ने किसी का नाम लिए बिना अटैचियों को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे। भाजपा अब इन्हीं आरोपों के जरिए मानसून सत्र में सरकार को घेरने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : घर का मसला सुलझाने आया उपप्रधान, महिला ने जड़ा थप्पड़- थाने पहुंचा मामला

जयराम बोले- हर काम के रेट तय

विधानसभा परिसर में प्रदर्शन के बाद नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार व्यवस्थित तरीके से हो रहा है।

 

विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले भ्रष्टाचार के मुद्दे पर BJP विधायकों का प्रदर्शन।

हर चौराहे पर भ्रष्टाचार की चर्चा

जयराम ठाकुर ने कहा कि आज प्रदेश के हर चौराहे पर सरकार के भ्रष्टाचार की चर्चा हो रही है। उन्होंने दावा किया कि विकास कार्य ठप पड़े हैं और कई कामों में पहले से तय है कि टेंडर किसे मिलेगा, सप्लाई कौन करेगा और आउटसोर्स एजेंसी किसे दी जाएगी।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : ITI परिसर में मिली चौकीदार की देह, छात्रों में हड़कंप- पुलिस ने एरिया किया सीज

भाजपा ने उठाए गंभीर सवाल

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग में खरीद और टेंडर प्रक्रिया को लेकर भी सरकार पर गंभीर सवाल उठाए। भाजपा का आरोप है कि भ्रष्टाचार के लिए बाकायदा लोगों और कमीशन की व्यवस्था तय की गई है।हालांकि, ये सभी आरोप विपक्ष की ओर से लगाए गए हैं। इन आरोपों पर सरकार और संबंधित पक्ष का पक्ष सामने आना अभी बाकी है।

 

वंदे मातरम विवाद में सदन के बाहर नारेबाजी करते हुए सत्तापक्ष।

सदन के अंदर भी हंगामे के आसार

विधानसभा के बाहर प्रदर्शन के बाद अब तीसरे दिन सदन के भीतर भी हंगामे के आसार हैं। मानसून सत्र के शुरुआती दो दिन राष्ट्रगान और वंदे मातरम के गायन को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक की भेंट चढ़ चुके हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल विधानसभा में आज रोजगार को लेकर होगा हंगामा, आपस में भिड़ेंगे सता पक्ष और विपक्ष

वंदे मातरम पर बवाल

भाजपा का आरोप है कि सदन की कार्यवाही राष्ट्रगान से शुरू होने के बाद वंदे मातरम का पूर्ण गायन नहीं कराया गया। इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ और कार्यवाही प्रभावित हुई। भाजपा ने वंदे मातरम के पूर्ण गायन की मांग की है। वहीं कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देकर सदन की गंभीर कार्यवाही को बाधित कर रही है।

आज बेरोजगारी पर सरकार को घेरने की तैयारी

तीसरे दिन भाजपा बेरोजगारी के मुद्दे पर भी सरकार को घेरने की तैयारी में है। विपक्ष काम रोको प्रस्ताव के जरिए युवाओं को रोजगार देने के कांग्रेस के चुनावी वादे पर सरकार से जवाब मांग सकता है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में फिर आया भूकंप : घरों से बाहर भागे लोग, क्या आपने भी महसूस किए झटके?

रोजगार का वादा भी अधूरा

कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान हर साल एक लाख रोजगार देने और पांच साल में पांच लाख रोजगार उपलब्ध कराने का वादा किया था। अब भाजपा इसी वादे को आधार बनाकर सरकार से सवाल पूछने की तैयारी में है।

सरकार पर कई आरोप...

विपक्ष का आरोप है कि सरकार अपने कार्यकाल में युवाओं को वादे के मुताबिक रोजगार नहीं दे पाई है। सरकारी भर्तियों और रोजगार के आंकड़ों को लेकर सदन में आज सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में दबंगई की हदें पार- कार पास को लेकर हुआ झगड़ा घर तक पहुंचा, फिर चली गो**ली

‘हिंदू गुजर’ प्रमाण पत्र पर भी सरकार से सवाल

आज सदन में ‘हिंदू गुजर’ प्रमाण पत्र का मुद्दा भी उठ सकता है। नालागढ़ के विधायक हरदीप बाबा ने राजस्व मंत्री से इस संबंध में सवाल पूछा है। विधायक ने पूछा है कि क्या गुज्जर प्रमाण पत्र में ‘हिंदू गुजर’ को शामिल करने को लेकर सरकार की ओर से कोई निर्देश जारी किए गए हैं।

आमने सामने पक्ष-विपक्ष

साथ ही यह सवाल भी उठाया गया है कि क्या इससे सिख धर्म का पालन करने वाले गुजर समुदाय के लोगों को सेना में भर्ती के दौरान किसी तरह की परेशानी हो रही है। इस सवाल पर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी सदन में सरकार का पक्ष रखेंगे।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख