#विविध
April 24, 2026
हिमाचल में स्कूल के सामने गश्त करेगी पुलिस- बच्चों पर रखेगी नजर, मौके से फोटो भी भेजेगी, जानें क्यों
स्कूलों में छुट्टी के समय पहरा देगी पुलिस टीम
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में स्कूली और कॉलेज विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने अब सख्त रुख अपना लिया है। सिर्फ कागजी निर्देशों तक सीमित रहने के बजाय अब हर थाना और चौकी प्रभारी को मैदान में अपनी मौजूदगी साबित करनी होगी।
इसके लिए स्पष्ट आदेश दिए गए हैं कि छुट्टी के समय अधिकारी अपनी टीम के साथ संबंधित स्कूलों और कॉलेजों के बाहर पहुंचें और मौके की फोटो या सेल्फी लेकर उसे पुलिस के आधिकारिक ग्रुप में साझा करें। साफ संकेत है कि अब काम दिखना चाहिए, सिर्फ आदेश जारी करना काफी नहीं होगा।
इस फैसले की पृष्ठभूमि में हाल ही में शिमला के संजौली क्षेत्र में घटी एक गंभीर घटना है। जहां घर लौट रही एक छात्रा पर पत्थर से हमला कर उसे घायल कर दिया गया था। इस घटना के बाद इलाके में लोगों में रोष फैल गया था और सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे थे। पुलिस ने इसे चेतावनी के रूप में लेते हुए तुरंत व्यवस्था को और कड़ा करने का निर्णय लिया।
नई व्यवस्था के तहत सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे स्थानों की पहचान करने को कहा गया है। जहां विद्यार्थियों की आवाजाही अधिक रहती है या पहले भी असामाजिक गतिविधियां सामने आई हैं। इन संवेदनशील जगहों पर छुट्टी के समय नियमित गश्त की जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके और समय रहते कार्रवाई की जा सके।
SP शिमला गौरव सिंह ने भी स्पष्ट किया है कि छात्रों की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और इसके लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जिम्मेदारी तय करने की दिशा में अहम कदम है।
पुलिस विभाग ने निगरानी प्रणाली को भी मजबूत किया है। अब हर दिन गश्त की रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को भेजना अनिवार्य कर दिया गया है। मौके से ली गई फोटो या सेल्फी इस बात का प्रमाण होगी कि पुलिस वास्तव में फील्ड में सक्रिय है। यदि कोई अधिकारी लापरवाही करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इस पहल को लेकर स्थानीय लोगों और अभिभावकों में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। उनका मानना है कि इस तरह की सख्ती से न केवल बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि असामाजिक तत्वों में भी डर का माहौल बनेगा।