#हिमाचल

February 14, 2026

हिमाचल: मंदिर गेट पर अचेत पड़ा रहा ट्रक चालक, शराबी समझ किसी ने नहीं की मदद- हुई मौ.त

अक्षैणा महादेव मंदिर के बाहर बेसुध मिला ट्रक चालक, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

शेयर करें:

truck driver

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में अचानक तबीयत बिगड़ने और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की मौत के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। खासकर कामकाज के दौरान स्वास्थ्य कारणों से हो रही मौतें कई सवाल खड़े कर रही हैं। सिरमौर में घटी एक घटना के बाद अब ऐसा ही एक मामला कांगड़ा जिले के भवारना क्षेत्र से सामने आया है, जहां मंदिर परिसर के पास एक ट्रक चालक की अचेत होकर गिरने से मौत हो गई।

मंदिर गेट के पास बेसुध पड़ा मिला चालक

यह घटना भवारना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अक्षैणा महादेव मंदिर (ननाओं) के गेट के पास की है। पुलिस को सूचना मिली कि मंदिर के गेट के पास एक व्यक्ति काफी देर से बेसुध अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : मसाज की आड़ में देह व्यापार- 4 स्पा सेंटरों पर छापेमारी, 17 लड़कियों का रेस्क्यू; कई अरेस्ट

चाय पीने के बाद मंदिर की ओर गया था चालक

मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि मृतक व्यक्ति सीमेंट का ट्रक लेकर अक्षैणा आया था। उसने पास की एक दुकान में चाय पी थी और उसके बाद मंदिर की ओर गया। इसी दौरान वह मंदिर के गेट के पास ही अचेत होकर गिर गया।

शराबी समझकर लोगों ने किया नजरअंदाज

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंदिर आने-जाने वाले लोगों ने शुरुआत में उसे शराब के नशे में समझ लिया और अनदेखा करते रहे। लेकिन जब काफी समय बीत जाने के बाद भी वह उसी अवस्था में पड़ा रहा, तो लोगों को शक हुआ और इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

 

यह भी पढ़ें : HRTC बस में पहली बार महिला ड्राइवर- कंडक्टर की जोड़ी: सीमा और मीनू ने जीता सवारियों का दिल

मृतक की पहचान पवन कुमार के रूप में हुई

पुलिस ने मौके पर जांच के बाद मृतक की पहचान पवन कुमार (42) पुत्र जगदीश कुमार निवासी कोटलु, डाकघर पपलाह, तहसील जयसिंहपुर के रूप में की है। पवन कुमार बरमाणा क्षेत्र में सीमेंट का ट्रक चलाता था और अक्षैणा में सीमेंट की सप्लाई देने आया हुआ था।

बीमारियों से ग्रसित था मृतक

मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि पवन कुमार उच्च रक्तचाप सहित अन्य बीमारियों से ग्रसित था। आशंका जताई जा रही है कि स्वास्थ्य कारणों से ही उसकी तबीयत अचानक बिगड़ी, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगा।

 

यह भी पढ़ें :  मंडी शिवरात्रि : बाबा भूतनाथ के दर्शन के लिए खुले कपाट, इतिहास में पहली बार होगा कुछ ऐसा- जानें

शव को पालमपुर शवगृह में रखा गया

पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पालमपुर शवगृह में रखवा दिया है। शव का शनिवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

 

यह भी पढ़ें : CM सुक्खू के राज में मौज! आर्थिक संकट के बीच केरल टूर पर APMC टीम, विपक्ष ने बताया फिजूलखर्ची

एसपी ने की मामले की पुष्टि

मामले की पुष्टि करते हुए अशोक रतन ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। प्रथम दृष्टया मामला स्वास्थ्य कारणों से मौत का प्रतीत हो रहा है, फिर भी सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

Related Tags:
ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख