नई दिल्ली/हमीरपुर। पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश को लोकसभा चुनाव से ठीक पहले केंद्र सरकार ने एक बार नए मकानों का तोहफा दिया है। दरअसल, हिमाचल जैसे छोटे से राज्य को केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 3667 नए घरों के निर्माण को मंजूरी दी है। इस बात की पुष्टि केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने आज मंडी जिले के संधोल में की। उन्होंने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि उनके द्वारा दिए गए प्रस्ताव को केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने आज ही मंजूर किया है।
एक साल में 20 हजार घरों के निर्माण को मंजूरी
अनुराग ठाकुर ने जनसभा को संबोधित करते हुए इस बात की जानकारी दी कि केंद्र सरकार की तरफ से 1 वर्ष के भीतर ही लगभग 20000 से ज्यादा नए घर बनाने के लिए धनराशि मुहैया करवाई गई है। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा की सुख सरकार प्रदेश की जनता को झूठ बोलकर गुमराह करने के काम में जुटी हुई है।
केंद्र की तरफ से लगातार आ रही है मदद
यहां जनसभा को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने बताया कि केंद्र की मोदी सरकार हिमाचल प्रदेश की सभी क्षेत्रों में मदद करती रही है जिससे कि प्रदेश में विकास की रफ्तार लगातार बनी रहे। कांग्रेस सरकार को आधे हाथों लेते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने आगे कहा कि कांग्रेस के लोगों को यह बताना चाहिए कि क्या कभी भी उनके किसी भी कार्यकाल में हिमाचल को 20000 घरों की मदद दी गई है। अनुराग ठाकुर का कहना है कि प्रदेश की सेवा करने के लिए झूठे वादे नहीं बल्कि मेहनत से काम करने की जरूरत होती है जो कि कांग्रेसी कभी नहीं कर सकते।
चुनाव के लिए एक्टिव मोड में हैं अनुराग ठाकुर
गौर रहे की हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर लोकसभा सीट से लगातार पांचवीं बार भारतीय जनता पार्टी की टिकट पाने वाले केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर लंबे वक्त से चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं और तमाम क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं।