#हिमाचल

March 17, 2024

प्रचार में उतरे अनुराग ठाकुर, बोले-हिमाचल की चारों सीटों सहित 400 पार करेगी बीजेपी

शेयर करें:

शिमला। हिमाचल में लोकसभा चुनावों की घोषणा होने के साथ ही हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से बीजेपी प्रत्याशी और लगातार चार बार सांसद रह चुके अनुराग ठाकुर ने अपना चुनाव प्रचार भी शुरू कर दिया है। इन दिनों अनुराग ठाकुर अपने संसदीय क्षेत्र में मौजूद हैं। अनुराग ठाकुर ने दावा किया है कि इस बार भी हिमाचल की चारों सीटें बीजेपी की झोली में जाएंगी। उन्होंने कहा कि केंद्र में भी भाजपा की सरकार आएगी और पीएम मोदी के नेतृत्व में इस बार 400 का आंकड़ा पार करेंगे और नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।

भाजपा करेगी 400 का आंकड़ा पार

इस दौरान अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी और सीएम सुक्खू पर भी जमकर तंज कसे। अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी को सीरियस लेने की जरूरत नहीं है। उनके नेतृत्व में कांग्रेस कभी नहीं जीत सकता है। पूरे देश सहित हिमाचल में भी कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिलेगी। हिमाचल की चारों सीटों पर भी भाजपा जीत हासिल करेगी।

जनता ही नहीं विधायक भी सुक्खू से परेशान

वहीं हिमाचल की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार पर निशाना साधते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि सीएम सुक्खू से अपना कुनबा संभाला नहीं जा रहा है और वह सारा आरोप भाजपा पर लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले इनसे जनता दुखी थीए लेकिन अब विधायक भी सुक्खू सरकार से परेशान हो गए हैं। कांग्रेस के अंदर की अंर्तकलह जल्द ही पार्टी को खत्म कर देगी।

भाजपा ने उतारे हैं दो प्रत्याशी

बता दें कि लोकसभा चुनावों की घोषणा हो गई है। हिमाचल में लोकसभा चुनावा और छह विधानसभा सीटों पर पहली जून को चुनाव होगा। लेकिन अभी तक कांग्रेस ने अपने एक भी लोकसभा प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं की है। वहीं भाजपा ने हिमाचल में शिमला और हमीरपुर संसदीय क्षेत्रों के अपने दो प्रत्याशियों जिसमें अनुराग ठाकुर और सुरेश कश्यप के नाम की घोषणा कर दी है।

अनुराग की टक्कर में किसे उतारेगी कांग्रेस

अनुराग ठाकुर लगातार पांचवी बार हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं। इससे पहले वह चार बार लगातार जीत चुके हैं। जिसके चलते कांग्रेस के लिए हमीरपुर सीट पर अपना परचम लहराना आसान नहीं होगा। हालांकि सीएम और डिप्टी सीएम दोनों ही इसी संसदीय क्षेत्र से आते हैं, ऐसे में हमीरपुर सीट दोनों ही नेताओं के लिए प्रतिष्ठा का सवाल भी बनी हुई है।
ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख