#अवर्गीकृत
June 3, 2026
हिमाचल में सरकारी स्कूल की लड़की गायब, 48 घंटे से ढूंढ रहे माता-पिता; नहीं मिली खबर
बेटी के सही-सलामत घर लौटने की कामना कर रहा परिवार
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के ननखड़ी क्षेत्र से एक 16 वर्षीय छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। छात्रा घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रेम राज पुत्र रमेश चंद, निवासी गांव जगोट, डाकघर एवं तहसील ननखड़ी, जिला शिमला ने थाना ननखड़ी में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया गया है कि उनकी 16 वर्षीय पुत्री ऋषिका उर्फ ऋषु 1 जून की सुबह करीब 9:30 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (GSSS) ननखड़ी जाने के लिए घर से निकली थी।
परिजनों के मुताबिक छात्रा रोजाना की तरह स्कूल के लिए गई थी, लेकिन निर्धारित समय के बाद भी घर नहीं लौटी। परिवार ने शाम तक उसके घर आने का इंतजार किया। मगर उसका कुछ अता-पता नहीं चला तो इससे परिवार की चिंता बढ़ गई।
छात्रा के घर न लौटने पर परिजनों ने रिश्तेदारों, मित्रों और अन्य संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की। काफी प्रयासों के बावजूद जब कोई जानकारी नहीं मिली तो मामला पुलिस के संज्ञान में लाया गया।
शिकायत के आधार पर पुलिस थाना ननखड़ी में FIR संख्या 22/2026 दर्ज की गई है। पुलिस ने BNS की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि छात्रा की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील की है। यदि किसी व्यक्ति को छात्रा के बारे में कोई जानकारी मिलती है तो वह तुरंत ननखड़ी पुलिस थाना या नजदीकी पुलिस चौकी से संपर्क कर सकता है।