#अपराध
April 25, 2026
गजब... हिमाचल में पकड़ा युपी का तस्कर, हेल्मेट में छिपाई थी चिट्टे की खेप; ऐसे खुला राज
हेलमेट के अंदर लगी फोम में छिपाकर ला रहा था नशा
शेयर करें:

पांवटा साहिब (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश में नशे की तस्करी करने के लिए तस्कर लगातार नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं, लेकिन पुलिस की सतर्कता के आगे उनकी हर चालाकी नाकाम होती जा रही है। ऐसा ही एक मामला सिरमौर जिला से सामने आया है, जहां एक युवक हेल्मेट के अंदर लगी फोम में चिट्टा छिपाकर तस्करी करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसकी यह कोशिश विफल कर दी।
विशेष अन्वेषण इकाई (एसआईयू) की टीम पांवटा साहिब क्षेत्र में गश्त पर थी, इसी दौरान उन्हें एक पुख्ता सूचना मिली कि एक युवक इलाके में चिट्टा/स्मैक की सप्लाई करने के इरादे से घूम रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने तुरंत रणनीति बनाकर बताए गए स्थान की ओर रुख किया। पुलिस टीम ने केदारपुर स्थित एक निर्माणाधीन मकान के पास संदिग्ध युवक को घेर लिया। आरोपी बाइक के साथ वहां खड़ा था और नशा बेचने की फिराक में था। जैसे ही पुलिस ने उसे पकड़ा, उसकी घबराहट से ही शक और गहरा हो गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल को सौगात: ऊना से सीधे कोलकाता दौड़ेगी सुपरफास्ट ट्रेन, अनुराग ठाकुर ने शेयर किया लेटर
तलाशी के दौरान जो खुलासा हुआ, उसने सभी को चौंका दिया। आरोपी ने चिट्टा हेल्मेट के अंदर फोम के भीतर बड़ी सफाई से छिपा रखा था, ताकि किसी को शक न हो। लेकिन पुलिस की बारीकी से की गई जांच में उसकी यह चालाकी पकड़ी गई और 11.16 ग्राम चिट्टा बरामद कर लिया गया।
पकड़ा गया युवक मुर्तजा उर्फ फरमान बताया जा रहा है, जो उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का निवासी है। पुलिस के अनुसार वह पांवटा साहिब और आसपास के क्षेत्रों में नशे की सप्लाई करता था और इस बार भी इसी मकसद से वहां पहुंचा था। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जा रहा है, ताकि उससे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
यह भी पढ़ें : हिमाचल हाईकोर्ट में सुक्खू सरकार की फजीहत, कड़ी फटकार के साथ दूसरी बार लगाया भारी जुर्माना
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह नशा कहां से लेकर आया था और किन लोगों तक इसे पहुंचाने की योजना थी। इस कार्रवाई से एक बार फिर साफ हो गया है कि पुलिस नशे के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है और तस्करों की हर चाल को नाकाम करने के लिए पूरी तरह सतर्क है।