#विविध
April 25, 2026
हिमाचल को सौगात: ऊना से सीधे कोलकाता दौड़ेगी सुपरफास्ट ट्रेन, अनुराग ठाकुर ने शेयर किया लेटर
केंद्र सरकार ने अंब-अंदौरा तक ट्रेन विस्तार को दी मंजूरी, लाखों लोगों को मिलेगा लाभ
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश में रेल नेटवर्क के विस्तार और आधुनिक बुनियादी ढांचे को लेकर एक बार फिर बड़ी खुशखबरी सामने आई है। केंद्र सरकार ने हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर की मांगों पर मुहर लगाते हुए नंगल डैम-कोलकाता गुरुमुखी सुपरफास्ट साप्ताहिक एक्सप्रेस को अब अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन तक चलाने की अंतिम मंजूरी दे दी है। इस फैसले से न केवल हिमाचल की रेल कनेक्टिविटी पश्चिम बंगाल तक सीधी हो गई है, बल्कि पर्यटन, तीर्थाटन और व्यापारिक गतिविधियों को भी एक नई उड़ान मिलेगी।
हिमाचल प्रदेश में रेल विस्तार के मुद्दों को केंद्र के समक्ष प्रमुखता से उठाने के लिए सांसद अनुराग सिंह ठाकुर हमेशा से मुखर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष बार-बार इस मार्ग के विस्तार की पैरवी की थी। उन्हीं के निरंतर प्रयासों का नतीजा है कि आज हिमाचल को सीधे बिहार और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों से रेल कनेक्टिविटी मिल रही है। केंद्रीय रेल मंत्री ने स्वयं पत्र भेजकर अनुराग ठाकुर को इस सौगात की जानकारी दी है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल हाईकोर्ट में सुक्खू सरकार की फजीहत, कड़ी फटकार के साथ दूसरी बार लगाया भारी जुर्माना
इस ट्रेन के विस्तार से हिमाचल के धार्मिक पर्यटन को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। अब ऊना और अंब क्षेत्र के श्रद्धालु सीधे श्री हरमंदिर जी पटना साहिब और प्रसिद्ध तीर्थ स्थल गंगा सागर की यात्रा कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त, ऊना, टाहलीवाल और मैहतपुर जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले हजारों श्रमिक, जो उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल के निवासी हैं, अब बिना किसी परेशानी के सीधे अपने घर तक का सफर तय कर पाएंगे।
यह भी पढ़ें : BREAKING हिमाचल: बारातियों से भरी स्कॉर्पियो फ्लाईओवर पर पलटी, चीख-पुकार सुन बचाने दौड़े लोग
अंबाला रेलवे मंडल द्वारा जारी नई समय सारिणी के अनुसार अब गुरुमुखी एक्सप्रेस की समय सीमा और ठहराव में अहम बदलाव किए गए हैंA यह ट्रेन प्रत्येक शनिवार सुबह 6:10 बजे अंब-अंदौरा से चलेगी और 6:38 बजे ऊना पहुंचेगी। इसके बाद यह नंगल डैम से अपने पूर्व निर्धारित समय (सुबह 7:00 बजे) पर कोलकाता के लिए रवाना होगी।
कोलकाता से यह ट्रेन प्रत्येक वीरवार सुबह 7:40 बजे रवाना होगी। अगले दिन शुक्रवार शाम 6:35 बजे ऊना और शाम 7:10 बजे अपने अंतिम स्टेशन अंब-अंदौरा पहुंचेगी। गुरुमुखी एक्सप्रेस में 1805 किलोमीटर की यह दूरी अब लगभग 32 घंटे 50 मिनट में तय होगी। इस विस्तार के साथ ही ट्रेन के कुल ठहराव 11 से बढ़कर 14 हो जाएंगे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल शर्मसार कलयुगी पिता ने गर्भवती कर दी अपनी ही बेटी, कच्ची उम्र में दिया बच्चे को जन्म
गगरेट, अंब और ऊना के व्यापारिक संगठनों ने इस फैसले का स्वागत किया है। व्यापारियों का कहना है कि कोलकाता जैसे बड़े व्यापारिक केंद्र से सीधी कनेक्टिविटी मिलने से माल की आवाजाही आसान होगी और व्यापार में लागत कम आएगी। अनुराग ठाकुर ने इस ऐतिहासिक सौगात के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हिमाचल के विकास के लिए रेल नेटवर्क को सुदृढ़ करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है।
वंदे भारत एक्सप्रेस के बाद गुरुमुखी सुपरफास्ट एक्सप्रेस का विस्तार यह साबित करता है कि हिमाचल प्रदेश अब भारतीय रेल के मानचित्र पर तेजी से उभर रहा है। यह विस्तार न केवल दूरियां कम करेगा, बल्कि दिलों को भी जोड़ेगा और प्रदेश की आर्थिक प्रगति में मील का पत्थर साबित होगा।