#अपराध
March 20, 2026
हिमाचल में धरा पंजाब का 24 वर्षीय युवक, रेन शेल्टर में लाखों के चिट्टे की करने वाला था डील
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रेन शेल्टर में पकड़ा आरोपी
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में नशे का जाल इस कद्र बढ़ गया है कि अब हर दिन कहीं ना कहीं से नशे के सौदागर पकड़े जा रहे हैं। इसमें हैरान करने वाली बात यह है कि पकड़े जाने वाले आरोपियों में अधिकतर छोटी उम्र के युवा होते हैं। यानी अब छोटी उम्र के इन युवाओं ने नशे को अपनी कमाई का जरिया बना लिया है। ऐसा ही एक मामला हिमाचल के कांगड़ा जिला से सामने आया है। यहां पंजाब का एक 24 साल का युवक लाखों के चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। इस युवक के पास इतनी भारी मात्रा में चिट्टा बरामद हुआ है कि उसे देख पुलिस भी हैरान रह गई।
मिली जानकारी के अनुसार मामला कांगड़ा जिला के पुलिस थाना नगरोटा बगवां से सामने आया है। यहां पंजाब का एक 24 साल का युवक 50 ग्राम से भी अधिक चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया गया है। यह युवक चिट्टे की सप्लाई करने आया था, लेकिन उससे पहले ही यह पुलिस के हाथ लग गया। जिससे कई युवा इस चिट्टे के दलदल में धंसने से बच गए।
यह भी पढ़ें : प्रधानमंत्री मोदी देंगे हिमाचल को बड़ी सौगात, लोगों का सच होगा वर्षों पुराना सपना; जानें
आरोपी की पहचान विशाल कुमार के रूप में हुई है, जो गुरदासपुर जिले का निवासी बताया जा रहा है। उसके कब्जे से करीब 51.92 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत लाखों में आंकी जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक रैन शेल्टर में बैठा हुआ है और उसके पास भारी मात्रा में नशा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया और मौके पर दबिश देकर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया।
यह भी पढ़ें : मंत्री विक्रमादित्य के दावों को ठेकेदार ने दिखाया ठेंगा, कंक्रीट की जगह पत्थरों का किया इस्तेमाल
मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब जांच इस दिशा में आगे बढ़ाई जा रही है कि यह नशा कहां से लाया गया और इसके पीछे कौन.कौन लोग जुड़े हुए हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस खेप को किन.किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर क्यों युवा तेजी से नशे के कारोबार की ओर आकर्षित हो रहे हैं। आसान कमाई के लालच में कई युवा इस अवैध धंधे में उतर रहे हैंए जिससे समाज और भविष्य दोनों खतरे में पड़ रहे हैं।