#अपराध
April 12, 2026
हिमाचल: परिवार ने खो दिया जवान बेटा, खड्ड में मिली युवक की देह; कुछ दूर खड़ी थी बाइक
नशे की ओवरडोज से मौत की जताई जा रही आशंका, पुलिस जांच में जुटी
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक परिवार पर उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब उन्हें सूचना मिली कि उनका जवान बेटे की लाश खड्ड में मिली है। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं खड्ड में युवक की लाश मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामला जिला बिलासपुर की सीमा से सटे दोलोवाल गांव के पास की खड्ड का है।
मिली जानकारी के अनुसार मामले का खुलासा तब हुआ, जब कुछ स्थानीय लोग वहां से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने पानी में एक युवक के शव को देखा, जिसकी सूचना उन्होंने तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पानी में मुंह के बल पड़े शव को देखकर शुरुआत में लोगों को लगा कि यह किसी महिला का शव है, लेकिन जब पुलिस ने करीब से जांच की और फोरेंसिक टीम ने निरीक्षण किया, तो पता चला कि यह एक युवक का शव है। इस खुलासे के बाद मामले ने और भी गंभीर रूप ले लिया।
मृतक की पहचान दिलशेर सिंह उर्फ शैरी निवासी गांव दबूड़ के रूप में हुई है। जैसे ही यह खबर उसके परिवार तक पहुंची, घर में मातम छा गया। परिजनों का रो.रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। एक हंसते-खेलते जवान बेटे की इस तरह मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
पुलिस को घटनास्थल के पास एक हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है, जिससे मामले में कई सवाल खड़े हो गए हैं। यह बाइक मृतक की बताई जा रही है, जिसके आधार पर पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को मामला नशे की ओवरडोज से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और हर संभावित पहलू को ध्यान में रखा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।