#अपराध
June 5, 2026
युवक ने हिमाचल की छवि पर लगाया दाग: विदेशी महिला पर्यटक से की नीच हरकत; VIDEO वायरल
युवक की इस हरकत से लोगों में भारी रोष, मांगी सख्त कार्रवाई
शेयर करें:

मनाली। हिमाचल प्रदेश को देश ही नहीं बल्कि दुनिया भर में एक सुरक्षित, शांत और सभ्य पर्यटन स्थल के रूप में जाना जाता है। हर वर्ष लाखों देशी-विदेशी पर्यटक यहां की प्राकृतिक सुंदरता, मेहमाननवाजी और सुरक्षित वातावरण का अनुभव करने पहुंचते हैं। लेकिन कुछ शरारती तत्वों की हरकतें समय-समय पर इस सकारात्मक पहचान को धूमिल करने का प्रयास करती रही हैं।
ऐसा ही एक मामला पर्यटन नगरी मनाली से सामने आया है, जहां एक विदेशी महिला पर्यटक के साथ कथित अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है और घटना को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया सामने आ रही है।
वीडियो में कुछ युवक एक विदेशी महिला पर्यटक के आसपास दिखाई दे रहे हैं। वीडियो देखने वाले लोगों का आरोप है कि महिला के साथ अनुचित व्यवहार किया गया] जिसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया। हालांकि वीडियो की परिस्थितियों और उसमें दिखाई दे रहे व्यक्तियों की पहचान को लेकर अभी तक आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
पर्यटन नगरी मनाली में युवक ने विदेशी महिला से कर दी नीच हरकत, लोगों में भारी रोष pic.twitter.com/blVrYHtDjO
— Vishal Rana (@VishalR77182544) June 5, 2026
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार में अपनों की बगावत: अब बंबर ठाकुर ने खोला मोर्चा; बोले- मेरी ह*त्या की रची जा रही साजिश!
वीडियो वायरल होने के बाद इंटरनेट मीडिया पर लोगों ने संबंधित युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। बड़ी संख्या में लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हिमाचल प्रदेश वर्षों से सुरक्षित पर्यटन गंतव्य के रूप में अपनी अलग पहचान बनाए हुए है। यहां आने वाले पर्यटक खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं और यही वजह है कि प्रदेश की पर्यटन अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हुई है।
लोगों का मानना है कि कुछ असामाजिक और गैर-जिम्मेदार युवकों की ऐसी हरकतें न केवल कानून व्यवस्था के लिए चुनौती हैं] बल्कि इससे प्रदेश की अंतरराष्ट्रीय छवि को भी नुकसान पहुंच सकता है। पर्यटन से जुड़े कारोबारियों ने भी चिंता जताते हुए कहा कि हिमाचल की पहचान उसकी संस्कृति, सभ्यता और अतिथि सत्कार से है, इसलिए ऐसी घटनाओं पर सख्ती जरूरी है।
मनाली पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लिया है। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी तक इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है, लेकिन यदि जांच में किसी प्रकार की आपत्तिजनक या गैरकानूनी गतिविधि सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश की पहचान उसकी प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल से भी जुड़ी हुई है। ऐसे में मनाली से सामने आया यह वायरल वीडियो कई सवाल खड़े करता है। भले ही घटना के सभी तथ्य अभी जांच के दायरे में हों, लेकिन यह मामला इस बात की याद दिलाता है कि कुछ लोगों की गैर-जिम्मेदार हरकतें पूरे प्रदेश की छवि को नुकसान पहुंचा सकती हैं।