#अपराध
October 2, 2025
हिमाचल : नशे से गई महिला की जा*न! लोगों को सड़क पर पड़ी मिली बेहोश
स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाई महिला
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां पर डमटाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव छन्नी बेली में एक महिला की संदिग्ध परिस्थ्तियों में मौत हो गई है। महिला की मौत के बाद लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 सितंबर को गांव छन्नी बेली में एक 30 वर्षीय महिला बेहोशी की हालत में मिली। स्थानीय लोगों द्वारा आनन-फानन में महिला को उपचार के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। जहां मौजूद डॉक्टरों ने महिला को भर्ती कर लिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के ड्राइवर की हरियाणा में मिली देह, दो दिन से तलाश में दर-दर भटक रहा था परिवार
महिला को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया था। डॉक्टरों ने महिला को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन वो कामयाब नहीं हो पाए। अस्पताल में उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।
मृतका की अब तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने महिला की पहचान के लिए आसपास के थानों में उसकी तस्वीर भेज दी हैं। DSP इंदौरा संजीव कुमार यादव ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला की पहचान करवाने के प्रयास तेज़ी से जारी हैं और उम्मीद है कि जल्द ही कोई सुराग मिलेगा।
विदित रहे कि, यह घटना छन्नी बेली जैसे क्षेत्र से जुड़ी है, जिसे लंबे समय से नशे की गतिविधियों का केंद्र माना जाता है। ऐसे में महिला की बेहोशी और बाद में मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि महिला की हालत नशा सेवन के चलते हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।