#अपराध
April 5, 2026
हिमाचल: काम से लौटे पति को खेत में इस हाल में मिली पत्नी, दृश्य देख उड़ गए होश; उजड़ा परिवार
महिला ने सेब के पेड़ से लगाया फंदा, पुलिस तलाश कर रही कारण
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने एक परिवार को पल भर में ही उजाड़ दिया। राजधानी शिमला के चिड़गांव में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक विवाहिता ने सेब के पेड़ से फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस घटना से जहां परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे क्षेत्र में सनसनी भी फैल गई। महिला ने ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाया अभी तक इसका खुलासा नहीं हुआ है।
मामला चिड़गांव थाना क्षेत्र के खशाधार गांव का है। जानकारी के अनुसार महिला का पति रोज की तरह सुबह काम पर गया हुआ था। जब वह शाम को वापस लौटा तो घर पर पत्नी नहीं मिली। चिंतित होकर उसने आसपास तलाश शुरू की। कुछ देर बाद बागीचे की ओर जाने पर जो दृश्य उसने देखा, वह बेहद भयावह था। उसकी पत्नी का शव सेब के पेड़ से लटका हुआ था। यह देखते ही उसके होश उड़ गए और उसने तुरंत स्थानीय लोगों व पुलिस को सूचना दी।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार फिर लेने जा रही 1900 करोड़ का कर्ज, नए वित वर्ष का पहला लोन; कहां होगा खर्च?
मृतका की पहचान रेखा के रूप में हुई है, जो नेपाली मूल के राम राज की पत्नी बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि महिला ने बागीचे में स्थित एक सेब के पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इस घटना की जानकारी सबसे पहले बागीचे के मालिक द्वारा पुलिस को दी गई। उन्होंने बताया कि उनके यहां काम करने वाले चौकीदार की पत्नी ने पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही चिड़गांव पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू ने अपने गृह जिला में शिफ्ट किया हिमाचल पुलिस का अहम कार्यालय, यह बताई वजह
पुलिस की शुरुआती जांच में महिला के शरीर पर किसी तरह के संघर्ष या बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। केवल गर्दन पर फंदे के निशान मिले हैं। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने पति और अन्य लोगों के बयान दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में तो फंदे से महिला की मौत मानी जा रही है, लेकिन असल खुलासा पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच को आगे बढ़ा रही है।