#अपराध
April 24, 2025
तलाश में दर-दर भटक रहे थे माता-पिता

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पर अंब उपमंडल के चिंतपूर्णी में स्थित पपलेहड़ा गांव में एक नाबालिग लड़की का शव पेड़ पर फंदे से लटका हुआ मिला है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है।
बताया जा रहा है कि मृतका की उम्र 16 साल थी। मृतका का पिता बुद्धा पपलेहड़ा में कतथा की भट्ठी पर काम करता है। परिजन बेटी के सही-सलामत मिलने की उम्मीद में थे। बेटी की मौत के बाद से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, लड़की अपने माता-पिता के साथ पपलहेड़ा गांव में रहती थी। मंगलवार देर शाम से वो घर से लापता थी। परिजनों ने अपने स्तर पर उसे हर जगह ढूंढा, लेकिन उन्हें उसके बारे में कहीं कुछ पता नहीं चल पाया।
इसी बीच जब बीते कल लड़की की मां बेटी को ढूंढते-ढूंढते पपलहेड़ा सड़क से गुजर रही थी। इसी दौरान उसे ढांक के पेड़ पर उसकी बेटी की लाश फंदे से लटकी हुई मिली। बेटी की लाश देखकर मां के पैरौं तले जमीन खिसक गई। इसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
वहीं, घटनास्थल पर मौजूद लोगों द्वारा तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। मृतका की पहचान 16 वर्षीय मानसी के रूप में हुई है- जो कि नेपाल के रहने वाले बुद्धा की बेटी थी। बेटी की मौत के बाद माता-पिता का रो-रो कर बुरा हाल है। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
मामले क पुष्टि करते हुए SHO जयराम ठाकुर ने बताया कि पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। फिलहाल. ये पता नहीं चल पाया है कि लड़की ने आत्महत्या की है या फिर किसी ने उसकी हत्या कर दी है। पुलिस टीम द्वारा मामले की गहनता से जांच की जा रही है। लड़की की मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।