#अपराध

March 21, 2025

हिमाचल : घर से घूमने निकले युवक की जंगल में मिली देह, परिजनों ने दोस्तों पर जताया शक

परिजन बोले- घर से जबरदस्ती अपने साथ ले गए थे दोस्त

शेयर करें:

Una News

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां हरोली उपमंडल के बीटन गांव से 13 मार्च को लापता हुए एक युवक का शव नंगल के जंगल में मिला है। मृतक की पहचान सुरिंद्र पाल के रूप में हुई है। शव की हालत काफी खराब होने के चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है। परिजनों ने दो युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दोस्तों के साथ गया था, फिर नहीं लौटा

मृतक के भाई नरेश कुमार के अनुसार, 13 मार्च को दोपहर करीब 12:30 बजे सुरिंद्र पाल अपने दो दोस्तों ईशू ठाकुर और अमनदीप के साथ स्कूटी पर गया था। लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटा। परिवार ने उसे ढूंढने की हरसंभव कोशिश की, रिश्तेदारों से भी संपर्क किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : रेलवे पुल से कूदा 27 साल का युवक, दुकान पर काम करके पाल रहा था परिवार

चार दिन बाद दर्ज हुई गुमशुदगी

परिवार को जब कोई सुराग नहीं मिला, तो 17 मार्च को टाहलीवाल थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इसके दो दिन बाद, 19 मार्च को नया नंगल सेक्टर-2 के जंगल में सुरिंद्र का शव सड़ी-गली हालत में मिला। शव की स्थिति को देखते हुए यह अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक की मौत कई दिन पहले हो चुकी थी।

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

मृतक के परिवार ने ईशू ठाकुर और अमनदीप पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का दावा है कि दोनों युवकों ने सुरिंद्र को जबरदस्ती अपने साथ ले जाकर उसकी हत्या कर दी। दोनों आरोपी ऊना जिले के ही दुलैहड़ गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : ढोंगी साधुओं के झांसे में आई महिला डॉक्टर, अनहोनी के डर से लुटाए लाखों

पुलिस जांच जारी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाया है। इस संबंध में एसपी राकेश सिंह ने बताया कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा। फिलहाल, पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

हत्या या हादसा? पुलिस के सामने कई सवाल

फिलहाल, पुलिस इस मामले को हत्या के एंगल से देख रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिरी बार तीनों युवक कहां गए थे, सुरिंद्र की मौत कब और कैसे हुई, और उसके दोस्तों की इसमें क्या भूमिका थी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : मामूली बहस के बीच बुआ सास ने बहु पर बरसाए डंडे, रिश्तेदार भी लाई साथ- केस दर्ज

पुलिस जल्द ही ईशू ठाकुर और अमनदीप से पूछताछ कर सकती है, ताकि इस गुत्थी को सुलझाया जा सके। वहीं, इलाके में इस घटना को लेकर डर और आक्रोश का माहौल है। क्या यह हत्या है या कोई हादसा? पुलिस की जांच के बाद ही सच सामने आएगा।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख