#अपराध
October 23, 2025
हिमाचल: सब्जी मंडी के पास चरस बेचने आए थे दो युवक, ग्राहक मिलने से पहले ही पहुंच गई पुलिस
लंबे समय से नशे के कारोबार में संलिप्त थे दोनों युवक
शेयर करें:

धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में त्यौहारी सीजन में नशा तस्कर भी पूरी तरह से सक्रिय हो गए हैं। प्रदेश में ऐसा कोई दिन नहीं गुजर रहा है, जब कहीं पर कोई नशा तस्कर ना पकड़ा जा रहा हो। ऐसा ही एक मामला अब हिमाचल के कांगड़ा जिला से सामने आया है। यहां दो युवक नशे की खेप के साथ गिरफ्तार किए गए हैं। दोनों युवकों के पास चरस मिली है।
मिली जानकारी के अनुसार नगरोटा बगवां थाना पुलिस ने बुधवार को सब्जी मंडी के पास छापेमारी कर दो युवकों को 110 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी लंबे समय से नशे के कारोबार में सक्रिय थे और पुलिस की नजर में थे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: अमीर बनने के शॉर्टकट ने पहुंचाया जेल, 25 वर्षीय युवक नशे की खेप संग धरा
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नगरोटा बगवां थाना प्रभारी की अगुवाई में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि दो युवक सब्जी मंडी क्षेत्र में चरस की बिक्री करने की कोशिश में हैं। इस पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी और दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 110 ग्राम चरस बरामद की गई।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान चंदन राणा (29) पुत्र जन्म सिंह निवासी मुण्डी तहसील धीरा जिला कांगड़ा और अक्षय कुमार (29) पुत्र स्वर्गीय सतीश कुमार निवासी वलोह तहसील थुरल जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पिछले कुछ समय से इलाके में नशे की तस्करी में शामिल थे और इनके संपर्क कई अन्य संदिग्ध व्यक्तियों से भी हैं।
दोनों के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चरस की सप्लाई कहां से होती थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और ऐसे लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है जो युवाओं को नशे के जाल में फंसा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस का लक्ष्य केवल तस्करों को पकड़ना ही नहीं बल्कि उनके पूरे नेटवर्क को तोड़ना है ताकि नशे की इस जड़ को समाप्त किया जा सके।