#अपराध
February 2, 2026
हिमाचल के युवकों को चिट्टा सप्लाई करने आए थे दो पंजाबी, पुलिस ने आधी रात को रंगे हाथों धरे
स्थानीय युवाओं को सप्लाई करना था चिट्टा- पहुंचे सलाखों के पीछे
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी का जाल लगातार गहराता जा रहा है। शांत पहाड़ी राज्य अब बाहरी राज्यों से सक्रिय नशा तस्करों के लिए आसान गलियारा बनता जा रहा है- जहां युवाओं को निशाना बनाकर चिट्टा और अन्य नशीले पदार्थों की सप्लाई की जा रही है।
पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई के बावजूद तस्कर नए-नए रास्तों और तरीकों से प्रदेश में नशे की खेप पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी कड़ी में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना रोहड़ू की टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
पुलिस टीम ने चिट्टे की बड़ी खेप के साथ दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवकों से बरामद किए गए चिट्टे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये में बताई जा रही है। पुलिस टीम ने दोनों की गाड़ी को भी सीज कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, रोहड़ू पुलिस टीम ने बीती देर रात को मेहंदली क्षेत्र में नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान मेहंदली क्षेत्र से गुजर रहे एक संदिग्ध वाहन को जांच के लिए रोका गया। जब पुलिस ने वाहन और उसमें सवार युवकों की तलाशी ली, तो उनके कब्जे से 83 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया है कि आरोपी युवक इस नशीले पदार्थ की खेप को रोहड़ू-चिड़गांव क्षेत्र में सप्लाई करने के इरादे से पहुंचे थे। पुलिस को आशंका है कि यह खेप स्थानीय स्तर पर युवाओं को खपाने के लिए लाई गई थी। बरामद चिट्टा की मात्रा को देखते हुए पुलिस इस मामले को गंभीर तस्करी के रूप में देख रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया और उनके खिलाफ NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी नशीला पदार्थ कहां से लेकर आए थे और इसे किन-किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
जांच के दौरान आरोपियों के पिछले आपराधिक रिकॉर्ड, मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और उनके संपर्कों की भी गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि कहीं इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है, जो बाहरी राज्यों से हिमाचल में चिट्टा सप्लाई कर रहा हो।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ रोहड़ू क्षेत्र सहित पूरे जिला शिमला में अभियान को और तेज किया जाएगा। नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आज दोनों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।

फिलहाल, पुलिस टीम उनसे पूछताछ कर ये पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वो ये खेप कहां से लेकर आए थे और आगे कहां ले जाने की फिराक में थे। पुलिस टीम द्वारा मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि अगर किसी को भी कोई व्यक्ति नशा बेचता या खरीदता मिले- तो तुरंत इस बाबत पुलिस को सूचित करे। जानकारी देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।