#अपराध
July 14, 2026
हिमाचल: दिन दिहाड़े चोरी हो गई बाइक, 3 पंजाबी पिकअप पर लादकर हुए फरार; कुछ ही घंटों में धरे
पुलिस ने चंद घंटों में धरे तीनों बाइक चोर आरोपी, पंजाब के रहने वाले हैं सभी
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में वाहन चोरी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इन वाहन चोरों के हौंसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब यह दिन के उजाले में भी वाहनों की चोरी करने लगे हैं। ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला हिमाचल की राजधानी शिमला से सामने आया है। यहां पंजाब के तीन युवकों ने एक घर के बाहर से दिन दिहाड़े ही बाइक चोरी कर ली। चोर इस बाइक को पिकअप वाहन में लादकर दूर भागने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। पुलिस ने चंद घंटों में ही बाइक सहित तीन चोर युवकों को धर दबोचा।
मामला राजधानी शिमला के सुन्नी थाना क्षेत्र का है। यहां तीनों शातिर युवकों ने दिनदहाड़े एक निर्माणाधीन घर के बाहर खड़ी बाइक को चुरा लिया और फरार हो गए। लेकिन पुलिस ने उन्हें कुछ ही घंटों में धर दबोचा। पकड़े गए आरोपी पंजाब के पटियाला जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से बाइक को पिकअप वाहन में लादकर मौके से फरार हुए थे, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की इस पंचायत ने लिया बड़ा फैसला, 'चिट्टा तस्कर पकड़वाओ - 5100 रुपए इनाम पाओ'
जानकारी के अनुसार सुन्नी क्षेत्र के ग्राम कांगड़ निवासी तारा दत्त अपने कार्य के सिलसिले में बसंतपुर स्थित एक निर्माणाधीन मकान में पहुंचे थे। उन्होंने अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी की थी। इसी दौरान तीन युवकों ने बाइक पर नजर जमाई और उसे पिकअप वाहन में लादकर मौके से फरार हो गए। घटना का खुलासा तब हुआ, जब शिकायतकर्ता को एक परिचित व्यक्ति ने फोन कर बताया कि कुछ लोग उसकी बाइक को वाहन में डालकर सुन्नी की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही मामले की खबर पुलिस को दी गई और तुरंत कार्रवाई शुरू की गई।
सूचना मिलते ही सुन्नी पुलिस हरकत में आ गई। क्षेत्र में चौकसी बढ़ाई गई और संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस ने पिकअप वाहन को ट्रेस कर जांच की तो उसमें चोरी की गई बाइक बरामद हो गई। शिकायतकर्ता को मौके पर बुलाया गया, जिसने बरामद बाइक की पहचान अपनी बाइक के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : चलती कार पर गिरा विशालकाय पेड़, नौकरी की ज्वाइनिंग के लिए जा रहा था युवक
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान पंजाब के पटियाला निवासी मनदीप सिंह (24), बाज सिंह (18) और साजन सिंह (20) के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी संगठित वाहन चोर गिरोह का हिस्सा हैं या नहीं। प्रदेश में पिछले कुछ समय से वाहन चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी देखने को मिली है। ऐसे में जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान अन्य चोरी की वारदातों और संभावित नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। सूत्रों के अनुसार पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड, उनके आवागमन और हाल के दिनों में हुई वाहन चोरी की घटनाओं से भी कड़ियां जोड़कर जांच कर रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर पार्क करें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। अधिकारियों का कहना है कि आम जनता की सतर्कता और समय पर मिली सूचना की वजह से इस मामले को कुछ ही घंटों में सुलझाया जा सका। शिमला पुलिस की इस कार्रवाई को वाहन चोरी के मामलों पर बड़ी सफलता माना जा रहा है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों से और कौन-कौन से राज सामने आते हैं।