#अपराध
May 2, 2025
पाकिस्तान बॉर्डर से पंजाब होते हुए हिमाचल पहुंचा चिट्टा, पुलिस ने 3 तस्करों को पकड़ा
121 ग्राम से ज्यादा चिट्टा बरामद
शेयर करें:

ऊना। पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बॉर्डर भले ही बंद हों, लेकिन सीमापार से आने वाली नशे की खेप में कोई कमी नहीं आई है। ऊना पुलिस ने शुक्रवार को पंजाब से चिट्टे की बड़ी खेप लेकर आए 3 तस्करों को पकड़ा है। ये पाकिस्तान बॉर्डर से चिट्टा लेकर पंजाब के रास्ते हिमाचल में घुसे थे। पहचान छिपाने के लिए इन लोगों ने हिमाचल के नंबर प्लेट लगी कार का इस्तेमाल किया था।
हिमाचल पुलिस को मुखबिरों से खबर मिली थी कि पंजाब से कुछ तस्कर हिमाचल के नंबर प्लेट लगी गाड़ी में ड्रग्स लेकर आ रहे हैं। तस्करों को पकड़ने के लिए ऊना पुलिस ने गगरेट में नाकाबंदी कर रखी थी। तभी अंबोटा-शिवबाड़ी मार्ग पर हिमाचल के नंबर प्लेट वाली एक कार पुलिस को नजर आई। पुलिस ने कार को रोककर तलाशी ली तो उसमें से 121.80 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 6 लाख रुपए बताई जाती है।
यह भी पढ़ें : चूड़धार यात्रा टैक्स पर घिरी सुक्खू सरकार, प्रेम शुक्ला बोले-कांग्रेस चला रही मुगलिया शासन
पुलिस के हत्थे चढ़े तीनों आरोपी पंजाब के तरनतारण जिले के रहने वाले हैं, जो पाकिस्तान की सीमा पर स्थित है। पुलिस अब इस बात की जानकारी लेने की कोशिश करेगी कि चिट्टे की इतनी बड़ी खेप बॉर्डर पार कर किसने पहुंचाई और इसे हिमाचल में किसे बेचने के लिए लाया जा रहा था। इससे पहले यह सामने आया था कि पाकिस्तान में बैठे नशा तस्कर ड्रोन के माध्यम से चिट्टा और चरस जैसे मादक पदार्थ बॉर्डर पार पहुंचाते थे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल कांग्रेस में मचा बवाल- दिल्ली जा रहे तीन बड़े नेता, क्या हाईकमान से होगी सीधी बात?
पुलिस ने तीनों आरोपियों को अरेस्ट किया है। अब पुलिस उन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगेगी। इससे आरोपियों से पूछताछ में यह पता चलेगा कि भारत और पाकिस्तान के बीच बॉर्डर सील होने के बावजूद किस तरह नशे का यह क्रॉस बॉर्डर काम कर रहा है। यह जानकारी दोनों देशों की सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों के लिए अहम हो सकती है।