#अपराध
January 19, 2026
हिमाचल : BDC उपाध्यक्ष का बेटा चिट्टे के साथ गिरफ्तार, 2 दोस्तों संग टैक्सी में निकला था डील करने
7.51 ग्राम चिट्टा बरामद, मौके से दबोचे गए आरोपी
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल में चिट्टा अब सिर्फ गलियों और अंधेरे कोनों की कहानी नहीं रहा, बल्कि इसका जाल समाज के उन हिस्सों तक भी पहुंच चुका है, जिनसे जिम्मेदारी और उदाहरण की उम्मीद की जाती है। सोलन जिले के अर्की से सामने आए ताजा मामले ने नशे के बढ़ते खतरे को और गंभीर बना दिया है। यहां पुलिस ने दो युवकों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है, जिनमें एक युवक बीडीसी वाइस चेयरमैन का बेटा बताया जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अर्की क्षेत्र में सड़क पर खड़ी टैक्सी ने अचानक पुलिस का ध्यान अपनी ओर खींचा। टैक्सी में बैठे 3 युवक किसी का इंतजार कर रहे थे। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 7.51 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतीश पाठक निवासी गांव सानण, डाकखाना डुमेहर, तहसील अर्की; अक्षय कुमार पुत्र प्रताप सिंह निवासी गांव बड़ेहन, तहसील अर्की; तथा जितेंद्र तंवर पुत्र मस्त राम निवासी गांव जमना, तहसील अर्की, जिला सोलन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए युवकों में से एक बीडीसी वाइस चेयरमैन का बेटा है, जिससे यह मामला और अधिक चर्चा में आ गया है।
पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि चिट्टा कहां से लाया गया था और इसके पीछे कौन सा नेटवर्क सक्रिय है। आरोपियों के मोबाइल फोन और आपसी संपर्कों की भी पड़ताल की जा रही है, ताकि नशा तस्करी की पूरी कड़ी को उजागर किया जा सके।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: घर पहुंचने की थी जल्दबाजी... तेज रफ्तार में बाइक की कार से हो गई टक्कर, दो थे सवार
SP सोलन गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि अर्की क्षेत्र से दो युवकों को 7.51 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह किसी भी पृष्ठभूमि से क्यों न हो।
यह मामला एक बार फिर इस सच्चाई की ओर इशारा करता है कि चिट्टा हिमाचल के युवाओं को तेजी से अपनी गिरफ्त में ले रहा है। पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई के बावजूद नशे की जड़ें गहरी होती जा रही हैं, जो समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी है।