#अपराध
April 6, 2025
हिमाचल : सोशल मीडिया पर आई लड़की की रिक्वेस्ट...और लुट गए युवक के 8 लाख रुपए, जानें कैसे
ढली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की
शेयर करें:

शिमला। सोशल मीडिया पर किसी अनजान व्यक्ति से वीडियो कॉल पर बात करना मुसीबत मोल लेने वाला है। लेकिन लड़की की फ्रेंड रिक्वेस्ट एक्सेप्ट करने पर 35 लाख रुपए लुट जाने का पहला मामला शिमला में सामने आया है।
युवक ने जैसे ही लड़की का फ्रेंड रिक्वेस्ट एक्सेप्ट किया, उसे एक वीडियो कॉल आया। उस वीडियो कॉल को देख युवक कुछ इस कदर बहका कि शातिरों ने दूसरी ओर से उसकी अश्लील क्लिप बना ली।
फिर शुरू हुआ वीडियो क्लिप को वायरल करने की धमकी के बदले रुपए ऐंठने का खेल। युवक ने ढली पुलिस को अपनी शिकायत में कहा है कि दो साल पुराने इस मामले में उलझकर वह 8 लाख रुपए गंवा चुका है।
साइबर शातिरों की धमकी से डरकर युवक ने पहले तो 3 लाख रुपए उनके खाते में चेक के जरिए ट्रांसफर किए। फिर किस्तों में पांच लाख रुपए और दिए। यहां तक कि पिता के स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी की रकम भी शातिरों के हवाले कर दी। इसके बाद भी शातिर उसे और पैसे देने की बात कहकर धमकाते रहे।
युवक की शिकायत पर ढली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 (4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने युवक के बैंक ट्रांजेक्शन का रिकॉर्ड भी अपने कब्जे में किया है।
सायबर एक्सपर्ट का कहना है कि सोशल मीडिया पर पहली बात तो बहुत सोच-समझकर किसी से दोस्ती करनी चाहिए। साथ ही अगर ऐसे किसी आभासी दोस्त का वीडियो कॉल आने पर तो बिल्कुल भी एंटरटेन न करें, विशेषकर अगर वह किसी अपरिचित लड़की का हो।