#अपराध
June 21, 2026
हिमाचल: किराये के कमरे से चिट्टा सप्लाई कर रहे थे पंजाबी पति-पत्नी, बड़ी खेप-ड्रग मनी सहित 6 धरे
पुलिस खंगाल रही आरोपियों का नेटवर्क, हो सकती हैं और गिरफ्तारियां
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच कुल्लू पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में नशा तस्करी के नेटवर्क पर प्रहार करते हुए लाखों रुपये मूल्य का चिट्टा (हेरोइन) और नकद ड्रग मनी बरामद की है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पंजाब से आए कुछ तस्कर मनाली क्षेत्र में किराये का कमरा लेकर नशे का कारोबार चला रहे थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति-पत्नी सहित कुल छह लोगों को हिरासत में लिया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मनाली क्षेत्र में एक किराये के मकान से नशे का कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अलेउ क्षेत्र स्थित एक रिहायशी मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान कमरे से भारी मात्रा में चिट्टा और नकदी बरामद होने के बाद पुलिस भी हैरान रह गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के जंगल में मिली 30 वर्षीय युवक की देह, कौन फेंक गया यहां? पुलिस करेगी खुलासा
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 19.350 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 15,000 रुपये नकद बरामद किए। जांच में सामने आया कि यह नकदी कथित तौर पर नशे की बिक्री से अर्जित की गई थी। बरामद चिट्टे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 4.30 लाख रुपये आंकी जा रही है।
इस मामले में पुलिस ने पंजाब के अमृतसर जिले से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक दंपती भी शामिल है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी कब से क्षेत्र में रह रहे थे और उनका नेटवर्क किन-किन लोगों तक फैला हुआ है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: स्कूल बंक कर खड्ड में नहाने गया 16 साल का लड़का डूबा, बुझ गया घर का चिराग
उधर, नशामुक्त हिमाचल अभियान के तहत पुलिस थाना ब्रो की टीम ने भी एक अलग कार्रवाई को अंजाम दिया। गुप्त सूचना के आधार पर निरमंड क्षेत्र के एक मकान में छापेमारी की गई, जहां से तीन युवकों के कब्जे से चिट्टा बरामद किया गया। इस कार्रवाई के बाद कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या छह हो गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। अब यह जांच की जा रही है कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था। साथ ही आरोपियों के संपर्कों और संभावित नेटवर्क को भी खंगाला जा रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: शख्स को कानून से आंख मिचौली पड़ी महंगी, अब संपत्ति कुर्क कर दिया जाएगा पत्नी का हक
कुल्लू पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। नशा तस्करों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को भी कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।
लगातार सामने आ रहे नशा तस्करी के मामलों के बीच यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। किराये के मकानों में छिपकर नशे का कारोबार करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जा रही है।