#अपराध
December 23, 2025
हिमाचल : अपने होटल में बोरवेल करवा रहे थे पति-पत्नी, मचा बवाल - ग्रामीणों ने जमकर बरसाए लात-घूंसे
शिमला के जनेड़घाट में महिला होटल संचालक से मारपीट का आरोप
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल की राजधानी शिमला के जनेड़घाट इलाके में निजी जमीन पर बोरवेल खुदाई को लेकर विवाद इस कदर बढ़ गया कि मामला मारपीट और पुलिस केस तक पहुंच गया। एक महिला होटल संचालक ने आरोप लगाया है कि बोरवेल का काम रुकवाने पहुंचे लोगों ने न सिर्फ जबरन हस्तक्षेप किया बल्कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट भी की। पीड़िता की शिकायत पर ढली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता उषा शर्मा, निवासी कंडाघाट जिला सोलन ने पुलिस को बताया कि वह शिमला के जनेड़घाट क्षेत्र में स्थित एक निजी होटल का संचालन करती हैं। इसके साथ ही वह ग्राम पंचायत चायल की प्रधान भी हैं। उषा शर्मा के अनुसार, वह अपनी निजी भूमि पर बोरवेल खुदवाने का कार्य करवा रही थीं और ये विवादित भूमि नहीं है।
शिकायत में बताया गया कि इसी दौरान गांव के लोग मौके पर पहुंचे और बोरवेल का काम रुकवाने लगे। जब उषा शर्मा ने इसका विरोध किया तो दोनों ने उनके साथ मारपीट की। पीड़िता का कहना है कि यह हमला अचानक और बिना किसी वैध कारण के किया गया।
पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि घटना के समय होटल परिसर में करीब दो दर्जन लोग मौजूद थे और होटल मालिक उषा शर्मा व उनके पति राजीव शर्मा के साथ मारपीट की गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस में जाकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज करवाई।
घटना की सूचना मिलने के बाद उषा शर्मा ने ढली थाना पहुंचकर शिकायत दी। पुलिस ने उनके बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, जनेड़घाट क्षेत्र में बोरवेल और जमीन से जुड़े मामलों को लेकर पहले भी विवाद हो चुके हैं। हालांकि पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि क्या यह मामला किसी पुराने विवाद से जुड़ा हुआ है या फिर घटना के पीछे कोई और कारण है।
ढली थाना पुलिस ने बताया कि सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मौके से जुड़े तथ्यों को खंगाला जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।