#अपराध
May 6, 2026
हिमाचल : सोशल मीडिया से कमाई के चक्कर में फंसा युवक, शातिरों ने खाते से उड़ाए हजारों
फेसबुक पेज को मोनेटाइज करवाना चाहता था युवक
शेयर करें:

शिमला। आज के दौर में सोशल मीडिया कमाई का बड़ा जरिया बन चुका है और इसी लालच में लोग जल्दी पैसा कमाने के नए-नए तरीके तलाश रहे हैं। लेकिन इसी का फायदा उठाकर साइबर ठग भी सक्रिय हो गए हैं। ऐसा ही एक ताजा मामला राजधानी शिमला से सामने आया है, जहां फेसबुक पेज को मोनेटाइज करवाने के नाम पर एक युवक से करीब 67 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला शिमला के रोहडू से सामने आया है। यहां पर एक युवक ने रोहडू पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। पीडित सोशल मीडिया के जरिए कमाई करना चाहता था और अपने फेसबुक पेज को मोनेटाइज करवाने की कोशिश में था।
इसी दौरान फेसबुक के माध्यम से उसकी पहचान एक व्यक्ति से हुई, जिसने अपना नाम लक्ष्मण चौहान बताया और खुद को एक पेशेवर ब्लॉगर बताया। आरोपी ने बड़े ही आत्मविश्वास के साथ पीड़ित को भरोसा दिलाया कि वह उसका पेज आसानी से मोनेटाइज करवा देगा।
धीरे-धीरे आरोपी ने पीडित का विश्वास जीत लिया और फिर उससे अलग-अलग बहानों से पैसे मांगने शुरू कर । पीडित को उम्मीद थी कि उसका काम जल्द पूरा हो जाएगा, इसलिए उसने बिना ज्यादा शक किए आरोपी द्वारा बताए गए UPI और बैंक खातों में कुल 67,391 रुपये भेज दिए।
जैसे ही आरोपी को पूरे पैसे मिल गए, उसने अपना रवैया बदल लिया। न तो उसने फेसबुक पेज मोनेटाइज करवाया और न ही पैसे लौटाए। इसके अलावा उसने पीड़ित के फोन कॉल और मैसेज का जवाब देना भी बंद कर दिया, जिससे साफ हो गया कि यह एक सोची समझी साजिश थी और वह ठगी का शिकार हो गया है।
ठगी का अहसास होते ही पीड़ित बुजाली कुमार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और साल 2012 से रोहड़ू में रह रहा है। उसने तुरंत रोहड़ू पुलिस थाने में जाकर शिकायत दर्ज करवाई। उसने पुलिस को आरोपी के मोबाइल नंबर, ट्रांजैक्शन डिटेल और अन्य जरूरी दस्तावेज भी सौंप दिए हैं, ताकि जांच में मदद मिल सके।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है। वहीं पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उसकी ठगी गई रकम उसे वापस दिलाई जाए। यह घटना एक बार फिर लोगों को सतर्क रहने का संदेश देती है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों पर आंख बंद करके भरोसा करना भारी पड़ सकता है।