#अपराध
June 1, 2026
हिमाचल में गो.लीकांड कर इटली भाग रहा था 22 वर्षीय युवक, पुलिस ने घर से किया गिरफ्तार
कुछ दिन पहले ही भारत आया था युवक, आते ही कर दिया कांड
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कसोल में हुई गोलीबारी की घटना के बाद फरार चल रहे युवक को कुल्लू पुलिस ने पंजाब से गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने मामले में शामिल सभी आरोपियों को कानून के शिकंजे में ले आने का दावा किया है।
बताया जा रहा है कि 30 मई को कसोल स्थित एक होटल में फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार लोगों को हिरासत में ले लिया था। हालांकि, एक युवक मौके से निकलने में कामयाब हो गया था, जिसके बाद उसकी तलाश के लिए अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, संपर्क सूत्रों और अन्य सुरागों के आधार पर फरार आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी। लगातार चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी पंजाब में मौजूद है।
इसके बाद टीम ने अमृतसर जिले के बग्गा गांव में दबिश देकर 22 वर्षीय तमनप्रीत सिंह को पकड़ लिया। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कुछ समय से इटली में रह रहा था और हाल ही में अपने घर आया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार वह जल्द ही दोबारा विदेश जाने की तैयारी कर रहा था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस उसके पास पहुंच गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कुल्लू लाया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद उसे मामले में नामजद कर गिरफ्तार कर लिया गया।
अब पुलिस अदालत से रिमांड लेकर उससे पूछताछ करेगी ताकि घटना के पीछे की पूरी कहानी सामने लाई जा सके। इस मामले में पुलिस यह भी जानने का प्रयास कर रही है कि होटल में विवाद किस वजह से शुरू हुआ और गोली चलाने तक हालात कैसे पहुंचे।
जांच के दौरान आरोपियों के आपसी संबंधों और घटना से पहले की गतिविधियों को भी खंगाला जा रहा है। कम समय में फरार आरोपी तक पहुंचना पुलिस के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि कानून तोड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और मामले से जुड़े हर पहलू की गहराई से जांच जारी रहेगी। कुल्लू पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।