#अपराध
June 25, 2026
हिमाचल: लड़की से मुंह काला कर जंगल में छिप गया आरोपी, बदल लिया हुलिया; ऐसे पकड़ में आया
पुलिस ने जाल बिछाकर जंगल से दबोचा आरोपी
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया हैए जहां एक नाबालिग लड़की के अपहरण और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में फरार चल रहे आरोपी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद आरोपी लगातार पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने अपना हुलिया तक बदल लिया था,
लेकिन पुलिस की पैनी निगाहों और लगातार चलाए गए अभियान के आगे उसकी सारी चालाकियां नाकाम साबित हुईं। इस मामले ने पूरे क्षेत्र में लोगों को झकझोर कर रख दिया था। घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी भारी रोष देखने को मिला था और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठ रही थी।
जानकारी के अनुसार आरोपी पर एक नाबालिग लड़की को अपने साथ ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। मामले की शिकायत पुलिस तक पहुंचते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी थी। जांच के दौरान पीड़िता को सुरक्षित बरामद कर लिया गया था और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया तथा मेडिकल परीक्षण के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था। हालांकि घटना के बाद आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लग पाया और मौका पाकर फरार हो गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: ससुराल जा रहे दंपति की मौ*त, पैर फिसलने से खाई में गिर रहे पति को बचाते पत्नी भी गिरी
गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय तक चांजू और सपाहण क्षेत्र के दुर्गम जंगलों में छिपा रहा। इतना ही नहीं, पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसने अपना हुलिया भी बदल लिया था। सूत्रों के अनुसार आरोपी ने दाढ़ी कटवाकर अपना चेहरा बदलने का प्रयास किया ताकि पुलिस और स्थानीय लोग उसे आसानी से पहचान न सकें। लेकिन पुलिस लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी।
कई दिनों से आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस को वीरवार को महत्वपूर्ण सूचना मिली कि आरोपी क्षेत्र छोड़कर भागने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। नकरोड़ पुलिस चौकी और थाना तीसा की संयुक्त टीम ने तुरंत रणनीति तैयार की और संभावित मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी। इसके बाद डोडणी क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल कांग्रेस में ताजपोशी पर घमासान : मंत्री जगत नेगी ने निगम भंडारी को बताया BJP की B-टीम
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी लगातार ऐसे क्षेत्रों में छिप रहा था जहां पहुंचना आसान नहीं था। पहाड़ी और जंगल वाले इलाके में उसकी तलाश करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी, लेकिन तकनीकी सहायता, स्थानीय सूचनाओं और लगातार निगरानी के चलते पुलिस को सफलता मिल गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के घर पर भी छापेमारी की थी। इस दौरान वहां से एक पुरानी बंदूक बरामद हुई थी। इसके बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई थी तथा पुलिस ने जांच का दायरा भी विस्तृत कर दिया था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद अब उससे पूछताछ की जा रही है ताकि मामले से जुड़े सभी तथ्यों को सामने लाया जा सके। पुलिस का कहना है कि नाबालिगों के खिलाफ अपराध के मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। लोगों का कहना है कि पुलिस ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद जिस तरह से आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया है, वह सराहनीय है। अब सभी की नजरें आगे की कानूनी कार्रवाई पर टिकी हैं।