#अपराध

June 8, 2025

हिमाचल: गहने और नगदी लेकर भागी लुटेरी दुल्हन चढ़ी पुलिस के हत्थे, किए बड़े खुलासे

पंचायत में नाम दर्ज करवाने से भी रोकती रही लुटेरी दुल्हन

शेयर करें:

Himachal Kullu News,

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला में शादी के बाद गहने और पैसे लेकर फरार हुई लुटेरी दुल्हन को पुलिस ने बीते रोज शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है। शातिर महिला की यह चौथी शादी थी। इस महिला ने कुल्लू जिला के बंजार घाटी के एक युवक से कुछ दिन पहले ही शादी की थी। महिला ने अपने पति को बड़ा बिजनेसमैन बनाने का सपना दिखाया और उसकी पुश्तैनी जमीन को बिकवा दिया। इस जमीन से मिले पैसों को भी उसने अपने खाते में डलवा लिया था। शादी के कुछ ही महीनों बाद यह लुटेरी दुल्हन घर से कैश और गहनों को लेकर फरार हो गई। 

गहने और नगदी लेकर हुई थी फरार

दरअसल हिमाचल में शादी के नाम नाम पर धोखाधड़ी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। अधिक उम्र के लोगों को कुछ ठग आसानी से निशाना बना रहे हैं। बंजार घाटी का युवक भी ऐसे ही शातिर गिरोह का शिकार बन गया। चौथी बार दुल्हन बनकर महिला ने युवक को निशाना बनाया, उसकी पुश्तैनी जमीन बिकवाकर लाखों रुपए हड़पे और फिर कीमती गहनों व नकदी लेकर फरार हो गई। पतलीकूहल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस शातिर महिला को गिरफ्तार कर लिया है और अब पूरे ठगी गिरोह की जांच में जुट गई है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: लैंडिंग करते पैराग्लाइडर की चपेट में आया पशु, मची अफरा-तफरी

कुछ माह पहले हुआ था ब्याह

पुलिस के अनुसार आरोपी महिला ने वर्ष 2024 में बंजार घाटी के एक युवक से शादी की थी। यह विवाह महिला के भाई की सिफारिश पर हुआ था। शादी के कुछ ही महीनों बाद उसने युवक को बड़ा बिजनेसमैन बनाने का सपना दिखाकर उसकी 18 बिस्वा पुश्तैनी जमीन बेचने के लिए मजबूर कर दिया। जमीन बिकने के बाद युवक से 2.50 लाख रुपए अपने खाते में डलवाए।

पंचायत में नाम दर्ज करवाने से करती थी मना

युवक ने बताया कि जब भी वह महिला से उसकी शादी को पंचायत में दर्ज करवाने की बात करता, तो वह बहाने बनाकर टालती रही। अप्रैल 2025 में वह अचानक घर से 20 हजार रुपए नकद और सोने.चांदी के आभूषण लेकर गायब हो गई। बाद में जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि यह महिला पहले भी तीन युवकों से शादी कर चुकी है और यह उसकी चौथी शादी थी।

यह भी पढ़ें : साधु भेष में सिर के बल अचेत पड़ा था शख्स, थम चुकी थी सांसे- नशे की थी लत

पुलिस गिरोह के पर्दाफाश में जुटा

पीड़ित युवक ने महिला के माता.पिता और भाई पर भी ठगी की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है। पुलिस को जैसे ही इस मामले की जानकारी मिली, डीएसपी केडी शर्मा के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए महिला को गिरफ्तार कर लिया।

यह भी पढ़ें : गहरी खाई में गिरी अंतिम संस्कार में जा रहे लोगों की गाड़ी, उजड़े दो परिवार- पसरा मातम

पुलिस अधिकारी ने बताया कि अब इस पूरे गिरोह की गहनता से जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि महिला ने पहले किन.किन युवकों को शिकार बनाया और उसके साथ कौन.कौन लोग शामिल थे। यह मामला उन कुंवारे युवकों के लिए चेतावनी है जो जल्दबाज़ी में विवाह संबंधों में बंधने का निर्णय लेते हैं, खासकर जब पहचान और पारिवारिक पृष्ठभूमि की जांच नहीं की जाती।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख