#अपराध
April 12, 2026
हिमाचल में चायवाले चाचा को युवकों ने लगाया चूना, 3200 रुपये के नकली नोट थमा हुए फुर्र
चायवाले चाचा ने पुलिस में दर्ज करवाई शिकायत
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। सदर थाना क्षेत्र के लोहरड़ा बाईपास पर शातिर युवकों ने चालाकी से एक बुजुर्ग दुकानदार को अपना शिकार बना लिया।
74 वर्षीय दुकानदार चाचा को चाय पीने के बहाने बातचीत में उलझाकर करीब 3,200 रुपये की ठगी कर ली गई। इस घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच चिंता का माहौल बन गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, लोहरड़ा निवासी चुन्नी लाल की बाईपास पर एक छोटी दुकान है। शनिवार दोपहर के समय दो युवक कार में सवार होकर उनकी दुकान पर पहुंचे। उन्होंने पहले सामान्य ग्राहकों की तरह नमकीन और चाय ली और फिर दुकानदार से बातचीत शुरू कर दी, जिससे उन्हें कोई शक न हो।
कुछ देर बाद युवकों ने दुकानदार से कहा कि उनके पास 200-200 रुपये के नोट ज्यादा हैं और उन्हें 500 रुपये के नोटों की जरूरत है। भरोसा जीतने के बाद उन्होंने बुजुर्ग दुकानदार को अपने जाल में फंसा लिया। बिना ज्यादा सोचे-समझे दुकानदार ने उन्हें 500 रुपये के 12 नोट यानी 6,000 रुपये दे दिए और बदले में 200 रुपये के 30 नोट ले लिए।
दुकानदार ने नोटों की मौके पर जांच नहीं की और सीधे गल्ले में रख दिए। अगले दिन जब उन्होंने ध्यान से नोट देखे तो उनके होश उड़ गए। 30 में से 16 नोट नकली निकले, जबकि केवल 14 नोट ही असली थे। इस तरह उन्हें लगभग 3,200 रुपये का नुकसान उठाना पड़ा।
घटना के बाद दुकानदार ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान करने के लिए पुलिस टीम द्वारा दुकान के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
SP हमीरपुर बलवीर सिंह ने बताया कि इस मामले को गंभीरता से लिया गया है। जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि नकदी के लेनदेन के दौरान सतर्क रहें और नोटों को अच्छी तरह जांचने के बाद ही स्वीकार करें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।