बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में हुई बुजुर्ग दंपति की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा दिया है। मामले में पुलिस ने 24 घंटे के अदंर हत्या के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन तीनों आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। हत्या की पट कथा रचने वाला मुख्य आरोपी बुजुर्ग दंपति का पड़ोसी है।
दराट से की बुजुर्ग दंपति की हत्या
शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने बुजुर्ग दंपति को लूटपाट के इरादे से मौत के घाट उतारा था। आरोपियों ने हत्या करने के लिए दराट का इस्तेमाल किया था।
यह भी पढ़ें: नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदेगी सुक्खू सरकार: 517 करोड़ का बजट जारी
अकसर आता रहता था घर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग दंपति के बेटे ने पुलिस को बताया कि गांव का ही रहने वाला व्यक्ति भूरा राम अकसर उनके घर पर आता-जाता रहता है। इतना ही नहीं उसे घर की हर गतिविधि की भी जानकारी होती है। इसके बाद पुलिस ने शक के आधार पर पूछताछ के लिए भूरा राम को थाने बुलाया।
पड़ोसी ने रची पूरी साजिश
इस दौरान भूरा राम पहले पुलिस के साथ सहयोग करने में आनाकानी करता रहा। मगर सख्ती से पूछताछ करने के बाद उसने वारदात के बारे में पूरा खुलासा किया। साथ ही अपने दोनों अन्य साथियों के नाम भी बताए, जिन्हें पुलिस टीम ने चंडीगढ़ के माजरा के पास से गिरफ्तार कर लिया। मृतक दंपति के पड़ोसी भूरा राम (37) ने ही हत्या करने का पूरा प्लान बनाया था। जिसमें सुमन कुमार (22) निवासी अर्की, सोलन और मनोज कुमार उर्फ मंत्री (34) निवासी बिलासपुर ने उसका साथ दिया।
मृतक दंपति के बेटे ने बताया कि जल्द ही घर पर धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाना था। इसके लिए घर पर करीब पांच लाख रुपए रखे हुए थे। साथ ही घर पर लाखों रुपए के गहने भी रखे हुए थे, जिन्हें इन आरोपियों ने चुरा लिया है।
यह भी पढ़ें: अगर अनुराग भी केंद्रीय मंत्री बनते तो… मोदी 3.O पर सीएम सुक्खू का पहला बयान
एक महीने से बना रहे थे योजना
तीनों आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल करते हुए पुलिस को बताया कि वह पिछले एक महीने से वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। बीते शनिवार रात वह तीनों लूटपाट के इरादे से घर में घुसे थे। मगर इसी बीच उनका सामना बुजुर्ग दंपति के साथ हो गया। इस दौरान बुजुर्ग दंपति ने उन्हें रोकने की कोशिश की। जिसके चलते उन्होंने दंपति पर दराट से हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद दोनों शवों को घर के साथ लगती गौशाला में ठिकाने लगा दिया।
खून से लथपथ मिले दोनों शव
बता दें कि बीते कल पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि सिकरोहा में बुजुर्ग दंपति के शव खून से लथपथ घर के साथ लगती गौशाला में पड़े हुए हैं। सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने डॉग स्कवायड व FSL टीम के साथ मिलकर छानबीन शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने पाया कि बुजुर्ग दंपति को तेजधार हथियार से मौत के घाट उतारा गया है। इसके अलावा पुलिस टीम को घटनास्थल पर कुछ गहने भी मिले थे। मृतक दंपति की पहचान रूपलाल उम्र 65 साल व कमला देवी उम्र 60 साल के रूप में की गई है।
यह भी पढ़ें: माता-पिता ने खोया 23 साल का जवान बेटा, कार समेत नाले में गिरा
घर पर अकेले रहते थे दोनों
लोगों से की पूछताछ में पुलिस टीम को पता चला कि बुजुर्ग दंपति घर पर अकेले ही रहते थे। दंपति के दोनों बेटे कारोबार के सिलसिले में शिमला में रहते हैं।
मामले की पुष्टि करते हुए SP बिलासपुर विवेक चहल ने बताया कि तीनों आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। मगर हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार और चोरी का सामान अभी बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल, पुलिस टीम मामले की गहनता से छानबीन कर रही है। आरोपियों को जल्द ही कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।