#अपराध
May 2, 2025
ये कैसी दुश्मनी! हिमाचल में भतीजे ने फूंक डाला चाचा का आशियाना, किया हाई-वोल्टेज ड्रामा
चाचा की गेहूं की फसल भी की राख
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपने चाचा के मकान में आग लगा दी है। इस घटना की पूरे इलाके में खूब चर्चा हो रही है। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
लोगों का कहना है कि युवक ने तैश में आकर चाचा का मकान जला दिया है। कुछ लोगों का कहना है कि चाचा और भतीजा का आपस में कुछ जमीनी विवाद चल रहा था। जिसके चलते भतीजे ने गुस्से में आकर चाचा को नुकसान पहुंचाने के लिए मकान में आग लगा दी।
मामले की शिकायत बसाल के रहने वाले अरुण कुमार ने पुलिस थाना सदर सोलन में दर्ज करवाई है। अरुण ने बताया कि वह मूल रूप से बसाल गांव का रहने वाला है। मगर गांव धाला में भी उसकी जमीन है- जहां पर उसने मकान बना रखा है। वहां पर जमीन की देखभाल के लिए उसने ढोलू नामक नेपाली को रखा हुआ है।
उसने बताया कि ढोलू ने उसे फोन पर बताया कि उसके भतीजे विपिन ने उसके मकान में आग लगा दी है। ऐसे में वो अफरा-तफरी में धाला गांव पहुंचा- जहां उसने देखा कि विपिन आग को और भड़का रहा था।
ऐसे में अरुण ने विपिन को रोकने की कोशिश की तो विपिन ने उसके साथ गाली-गलौच करना शुरू कर दिया और उसे जान से मारने की धमकी देने लगा। अरुण ने बताया कि इस घटना से उसे काफी नुकसान हुआ है। उसके मकान की धरातल मंजिल के दोनों दरवाजें और खिड़कियां पूरी तरह से जल कर राख हो गई हैं।
इतना ही नहीं घर के साथ रखी गेहूं की फसल भी जलकर राख हो गई है। उसका कहना है कि गनीमत रही कि घटना के वक्त घर में कोई नहीं था। नहीं तो जानी-नुकसान हो सकता था। उसने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
वहीं, मामले की शिकायत मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आरोपी विपिन (35) को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। मामले की पुष्टि करते हुए SP गौरव सिंह ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। साथ ही उससे पूछताछ कर पता लगाया जा रहा है कि उसने ऐसा क्यों किया।