#अपराध
July 29, 2026
हिमाचल : बेटे को बचाने पहुंची मां को दिया धक्का, 10 फीट नीचे गिरी; निकले प्राण- आरोपी गिरफ्तार
घर के पास ही टहलने गया था बेटा, अचानक हुआ हम.ला
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के अर्की उपमंडल में पुरानी रंजिश के चलते हुए विवाद ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। गांव कुईरू में दो पक्षों के बीच हुए झगड़े के दौरान बेटे को बचाने पहुंची महिला की धक्का लगने से करीब 10 फीट नीचे गिरकर मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान मीना देवी के रूप में हुई है।
शिकायतकर्ता शुभम ने बताया कि सोमवार शाम वह घर के पास टहलने निकला था। रात को लौटते समय गांव के ही अनु नामक व्यक्ति ने कथित तौर पर पुरानी रंजिश के चलते उसका रास्ता रोक लिया और गला पकड़कर उससे मारपीट करने का प्रयास किया। शुभम किसी तरह वहां से निकलकर घर पहुंचा और अपनी मां मीना देवी तथा पत्नी दीक्षा को मौके पर बुलाया।
परिजनों के मौके पर पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने दोबारा शुभम पर हमला करने की कोशिश की और जेब से शराब की बोतल निकाल ली। बचाव के दौरान बोतल सड़क पर गिरकर टूट गई।
इसी बीच जब मीना देवी और उनकी बहू दीक्षा शुभम को छुड़ाने के लिए आगे बढ़ीं, तो आरोपी ने उन्हें धक्का दे दिया। धक्का लगने से मीना देवी पास के मकान के आंगन में करीब 10 फीट नीचे जा गिरीं। उनके सिर और नाक पर गंभीर चोटें आईं। उन्हें बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई। वहीं दीक्षा भी गिरने से घायल हो गईं।
SP सोलन एस.डी. वर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी अनु (44) को गिरफ्तार कर लिया गया है। मंगलवार को उसे अर्की न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।