मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला से एक महिला डॉक्टर द्वारा लाखों रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। यहां सुंदरनगर उपमंडल में MBBS में दाखिला दिलाने के नाम पर महिला डॉक्टर ने 19 लाख रुपए की ठगी की है। मामले में पुलिस ने आरोपी महिला डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है।
महिला डॉक्टर ने रचा षड्यंत्र
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ धोखाधड़ी और अपराधिक षड्यंत्र रचने का मामला दर्ज किया है। बीते कल पुलिस द्वारा आरोपी महिला को सुंदरनगर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। आरोपी महिला डॉक्टर की पहचान पारुल शर्मा निवासी मेन मार्केट दिल्ली के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें: विक्रमादित्य सिंह के विभाग के हाल, पांच दिन में ही उखड़ गई नई नवेली सड़क
जानें क्या है पूरा मामला
बता दें कि सुंदरनगर के रहने वाले सुनील कुमार ने पिछले साल 21 अगस्त को पुलिस थाना धनोटू में एक शिकायत पत्र दिया था। जिसमें उसने बताया था कि उसकी बेटी के साल 2021 में NEET MBBS की परीक्षा में कम अंक आए थे। जिसके चलते उसे अच्छे कॉलेज में MBBS के लिए दाखिला नहीं मिल पाया था।
डॉक्टर बनाने का किया वादा
इसी बीच सुंदरनगर के पुराना बाजार के रहने वाले उसके दोस्त विनोद ने उसे दिल्ली में रहने वाली एक डॉक्टर दोस्त के बारे में बताया। साथ ही उसकी बेटी को MBBS के लिए किसी अच्छे कॉलेज में दाखिला दिलवाने की जानकारी दी। MBBS सीट को लेकर हमेशा विनोद ही महिला डॉक्टर पारुल शर्मा से बात करता था।
अलग-अलग खातों में भेजे पैसे
सुनील ने बताया कि पारुल के कहे अनुसार, उसने 18 दिसंबर, 2021 को स्टडी सेवन सीज के खाते में विनोद कुमार के खाते से दो लाख रुपए एडवांस के तौर पर उसे भेज दिए। सुनील ने अपने खाते से 23 मार्च, 2022 को एक लाख और 8 अप्रैल, 2022 को 9 लाख भेजे।
यह भी पढ़ें: व्यवस्था परिवर्तन पर तमाचा: मंत्री के जिले में मोबाइल का टॉर्च जलाकर हो रहा इलाज
नहीं मिला कॉलेज में दाखिला
इसके बाद विनोद के खाते से 5 अप्रैल, 2022 को 2 लाख और 10 अप्रैल, 2022 को 5 लाख रुपए ट्रांसफर किए। सुनील ने बताया कि उसने विनोद के खाते से कुल 9 लाख रुपए उसकी ओर से पारुल के खातों में भेजे। मगर फिर भी सुनील की बेटी का दाखिला किसी भी कॉलेज में नहीं हुआ।
मामले में DSP सुंदरनगर भारत भूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है।जबकि, अन्य आरोपियों की संलिप्तता को लेकर भी आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है। पुलिस टीम द्वारा हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच की जा रही है।