#अपराध
June 18, 2026
हिमाचल में तस्करी का नया जुगाड़ : कार के दरवाजे में छिपाई थी साढ़े 4 किलो चरस- दो अरेस्ट
आरोपियों के रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस टीम
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश में नशा तस्कर पुलिस की नजरों से बचने के लिए लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं। मगर इस बार उनका अनोखा जुगाड़ भी काम नहीं आया। मंडी जिले में पुलिस ने एक कार के दरवाजे के भीतर बेहद शातिराना ढंग से छिपाकर रखी गई लाखों की चरस को बरामद करने में सफलता हासिल की है।
मामले में पुलिस टीम ने पंजाब के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपित कुल्लू से पंजाब की ओर जा रहे थे, लेकिन बिंद्राबनी में पुलिस की नाकाबंदी के दौरान उनकी चालाकी पकड़ में आ गई। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि चरस की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम ने मंडी जिले के बिंद्राबनी क्षेत्र में फोरलेन के समीप नाकाबंदी कर रखी थी। इस दौरान कुल्लू से मंडी की ओर आने वाले वाहनों की गहन जांच की जा रही थी। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस की नजर पंजाब नंबर की एक इटियोस कार पर पड़ी, जो कुल्लू की ओर से आ रही थी।
पुलिस ने संदेह के आधार पर वाहन को रुकवाकर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को कार के अंदर बेहद शातिर तरीके से छिपाकर रखी गई चरस की खेप बरामद हुई। जिसका वजन करने पर चरस 4.859 किलोग्राम पाई गई। आरोपितों ने चरस को वाहन के आगे की कंडक्टर साइड वाले दरवाजे के भीतर विशेष रूप से पैक कर रखा था।
पुलिस ने मौके पर ही दोनों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी पंजाब के रहने वाले हैं। आरोपियों की पहचान-
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों कुल्लू क्षेत्र से पंजाब की ओर जा रहे थे। पुलिस ने चरस की खेप के साथ प्रयुक्त इटियोस कार नंबर PB04AA-4470 को भी कब्जे में ले लिया है। इसके बाद दोनों आरोपितों के खिलाफ पुलिस थाना सदर मंडी में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगामी जांच थाना सदर मंडी की टीम द्वारा की जा रही है।

जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपितों ने चरस की यह बड़ी खेप कहां से खरीदी थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि क्या आरोपित पहले भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल रहे हैं या किसी बड़े अंतरराज्यीय नशा तस्करी गिरोह से जुड़े हुए हैं।
गौरतलब है कि कुल्लू और मंडी जिलों के रास्तों का उपयोग कई बार नशा तस्कर चरस की खेप को बाहरी राज्यों तक पहुंचाने के लिए करते रहे हैं। ऐसे में पुलिस लगातार नाकाबंदी, विशेष अभियान और खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई कर रही है। हाल के महीनों में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की सख्ती से कई बड़े मामले उजागर हुए हैं।