#अपराध
May 17, 2026
हिमाचल जेल में 5 कैदियों ने वार्डर पर किया हम.ला : बचाने आए हवलदार को भी पी*टा
कैदियों की हरकत के बाद जेल प्रशासन में मचा हड़कंप
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में स्थित उप कारागार किशनपुरा में कैदियों ने वार्डर पर हमला कर दिया। इस घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले को लेकर पुलिस थाना मानपुरा में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, उप कारागार किशनपुरा में तैनात जेल वार्डर रोहित कुमार- जो मंडी जिला के थाची क्षेत्र के रहने वाले हैं निगरानी ड्यूटी निभा रहे थे। इसी दौरान जेल में बंद पांच कैदियों ने कथित तौर पर अचानक उन पर हमला कर दिया।
आरोप है कि बंदियों ने एक साथ मिलकर वार्डर के साथ मारपीट की- जिससे उनके सिर और पीठ पर चोटें आईं। घटना के दौरान जब जेल हवलदार नंद लाल बीच-बचाव करने पहुंचे- तो हमलावर बंदियों ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की।
इससे जेल हवलदार को भी चोटें लगीं। जेल परिसर में अचानक हुई इस घटना के बाद कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और अन्य कर्मचारियों को तुरंत मौके पर पहुंचना पड़ा। मामले को लेकर जेल प्रशासन ने मानपुरा पुलिस थाने में शिकायत दी है।
शिकायत के आधार पर पांचों बंदियों के खिलाफ BNS और प्रिजन्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब जेल परिसर में हुई पूरी घटना की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि विवाद किन परिस्थितियों में शुरू हुआ।