#अपराध
July 11, 2026
हिमाचल में एक और मर्ड*र! परिजनों ने जिस पर जताया था शक, वो भी नहीं बचा जिंदा
चिल्लाने की आवाज सुनकर पहुंचे लोग
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक जंगल के पास संदिग्ध हालात में बेसुध मिला। उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मामला जिला कांगड़ा के पुलिस थाना जवाली के अंतर्गत आने वाली पंचायत पनालथ गांव से सामने आया है। बीते कल शुक्रवार को युवक अपने घर के पास जंगल की ओर गया हुआ था। इसी दौरान वहां से उसके जोर-जोर से चिल्लाने की आवाजें सुनाई दीं।
आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे बेसुध हालत में पाया। इसके बाद लोगों ने परिजनों को सूचना दी। परिवार के सदस्य उसे चारपाई पर लिटाकर सड़क तक लेकर आए ताकि अस्पताल पहुंचाया जा सके।
इसी बीच जरोट निवासी लापता साहिल कुमार का शव भी बरामद हो गया। इसके बाद साहिल के परिजनों ने जंगल में मिले युवक और और उसके कुछ रिश्तेदारों पर शक जताते हुए आरोप लगाए कि उनके बेटे की मौत में इनका हाथ हो सकता है। इसी वजह से जब युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, तब मृतक युवक के परिजनों ने उसे ले जाने का विरोध भी किया।
मामले की सूचना मिलने पर DSP वीरी सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को समझाया और माहौल शांत कराया। इसके बाद युवक को कार के जरिए सिविल अस्पताल जवाली ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा रेफर कर दिया।
टांडा मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान शनिवार को युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। DSP जवाली वीरी सिंह ने बताया कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।