#अपराध
November 20, 2025
हिमाचल : ममता की अंतिम इच्छा, ससुराल में ना किया जाए अंतिम संस्कार; बेसहारा हुए बच्चे
बीते चार दिन से PGI चंडीगढ़ में उपचाराधीन थी ममता
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में तेजाब कांड में बुरी तरह झुलसी 41 वर्षीय ममता की मौत हो गई है। ममता ने बीती रात करीब 12 बजे उपचार के दौरान PGI में दम तोड़ दिया। ममता ने मरने से पहले आखिरी इच्छा जताई थी।
ममता का कहना था कि उसका अंतिम संस्कार उसके ससुराल में ना किया जाए। उसका अंतिम संस्कार हनुमान घाट मंडी में किया जाए। आज पोस्टमार्टम के बाद ममता का शव मंडी लाया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, ममता और उसका पति नंद लाल मूल रूप से सरकाघाट क्षेत्र के रहने वाले हैं। दोनों ने हाल ही में मंडी शहर के सैन मोहल्ला क्षेत्र में एक मकान खरीदा था। दोनों के दो बच्चे हैं- बेटी 16 साल की है और बेटा 18 साल का है। ममता की मौत के बाद दोनों बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। इस तेजाब कांड के बाद बच्चे बेसहारा हो गए हैं। मां की मौत हो गई है और पिता सलाखों के पीछे है।
बीती 15 नवंबर को नंद लाल घर पहुंचा। घर में बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे बहस और फिर तीखी कहासुनी में बदल गई। इसके बाद पति ने तैश में आकर घर में रखा तेजाब ममता पर फेंका और फिर उसे छत से धक्का दे दिया। इसके बाद नंदलाल खुद मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद ममता चीखती हुई बाहर भागी। उसकी चीख सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत मंडी के जोनल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत देखते हुए उसे AIIMS बिलासपुर रेफर कर दिया। तेजाब से उसके चेहरे और पीठ पर गहरे घाव आए हैं।
ममता की गंभीर हालत को देखते हुए ममता को AIIMS बिलासपुर से PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। पिछले चार दिन से ममता का PGI में उपचार चल रहा था, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद ममता ने बीती रात करीब 12 बजे दम तोड़ दिया।
मामले की पुष्टि करते हुए ASP मंडी अभिमन्यु वर्मा ने बताया घटना के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था। अब उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा चलेगा। जांच में पाया गया है कि दोनों के बीच काफी समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था और मामला न्यायालय में विचाराधीन था। शुक्रवार को भी दोनों में झगड़ा हुआ था, जिसका वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुआ था। आरोप है कि नंदलाल पत्नी पर शक करता था। इसी शक ने परिवार को बर्बादी के कगार पर पहुंचा दिया।