#अपराध
February 25, 2026
हिमाचल : तलाक के बाद भी पति ने नहीं छोड़ा पीछा- कॉल कर देता है धमकी, परेशान पत्नी पहुंची थाने
पूर्व पति ने तंग आई टीचर, थाने पहुंच दर्ज करवाई शिकायत
शेयर करें:

कांगड़ा। कानूनी तौर पर रिश्ते खत्म हो गए, लेकिन विवाद की परछाई अभी भी पीछा नहीं छोड़ रही। हिमाचल के कांगड़ा जिले के स्वाणा गांव की एक महिला अध्यापिका ने अपने पूर्व पति पर तलाक के बाद भी मानसिक प्रताड़ना और गाली-गलौच करने का आरोप लगाया है। मामला अब पुलिस तक पहुंच चुका है और जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता की शादी वर्ष 2011 में चिंतपूर्णी के नारी गांव निवासी एक व्यक्ति से हुई थी। वैवाहिक जीवन के दौरान दोनों के बीच मतभेद बढ़ते गए। लंबे समय तक चले विवाद के बाद वर्ष 2024 में दोनों ने आपसी सहमति से कानूनी रूप से तलाक ले लिया।
दंपत्ति का एक बेटा है, जो वर्तमान में अपनी मां के साथ रह रहा है। तलाक के बाद महिला ने अपने जीवन को सामान्य ढंग से आगे बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि पूर्व पति लगातार उसे परेशान कर रहा है।
पीड़िता ने मोईन थाने में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि तलाक के बावजूद उसका पूर्व पति विभिन्न मोबाइल नंबरों से फोन कर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। आरोप है कि कॉल के दौरान वह अभद्र भाषा का प्रयोग करता है और अपमानजनक शब्द कहता है।
लगातार हो रही इन घटनाओं के कारण महिला मानसिक तनाव से गुजर रही है। महिला का कहना है कि उसने कई बार इस व्यवहार को नजरअंदाज करने की कोशिश की, लेकिन उत्पीड़न रुकने के बजाय बढ़ता गया, जिसके बाद उसे कानूनी सहारा लेना पड़ा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब उन फोन नंबरों और कॉल डिटेल्स की जांच की जा रही है, जिनके माध्यम से कथित तौर पर महिला को परेशान किया गया।
थाना प्रभारी संजीव कुमार ने पुष्टि करते हुए कहा कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है और जांच गहनता से की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तलाक के बाद इस प्रकार का व्यवहार कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।