#अपराध
July 23, 2026
हिमाचल: पति ने बेरहमी से छीन ली पत्नी की सांसें, फिर देह को सड़क किनारे फेंक रचा गुमशुदगी का ढोंग
पुलिस ने चंद घंटों में खोला पति का राज, सलाखों के पीछे पहुंचाया
शेयर करें:

बद्दी (सोलन)। हिमाचल प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक पति ने मामूली कहासुनी के बाद अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। इतना ही नहीं आरोपी पति ने पत्नी की हत्या के बाद उसके शव को घर से कुछ ही दूर रास्ते में फेंक आया। घर आने के बाद आरोपी ने पत्नी के लापता होने का ड्रामा रच डाला और अपने ही एक परिचित के साथ पत्नी की तलाश का नाटक करने लगा। हालांकि आरोपी का यह नाटक ज्यादा देर तक नहीं चल सका। पुलिस ने चंद घंटों बाद ही सड़क किनारे बरामद महिला की देह के मामले में पति को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
njvly औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला के तहत बिरला लेबर गेट के पास मंगलवार देर रात घटी यह घटना शुरुआती जांच में संदिग्ध मौत लग रही थी, जो देखते ही देखते जघन्य हत्या के मामले में तब्दील हो गई। पुलिस तफ्तीश में सामने आया है कि झारखंड के रामगढ़ जिले के निवासी सुरेंद्र बेदिया और उसकी पत्नी सुनीता देवी बिरला लेबर गेट के समीप किराए के मकान में रहते थे और स्थानीय निजी उद्योगों में कार्यरत थे। मंगलवार रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद आपा खो चुके पति ने किसी भारी और ठोस वस्तु से महिला के सिर, ठोड़ी, पेट और कान पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें : विक्रमादित्य सिंह के विभाग की सुस्ती पर हाईकोर्ट सख्त, पुल निर्माण देरी पर सुक्खू सरकार से मांगा जवाब
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सुरेंद्र ने बेहद चालाकी से शव को एक दुकान के समीप सड़क किनारे फेंक दिया। इसके बाद खुद को बेकसूर साबित करने के लिए उसने अपने एक परिचित सुरजीत कुमार को रात 12 बजे फोन लगाया। उसने झूठी कहानी गढ़ते हुए कहा कि उसकी पत्नी शाम साढ़े आठ बजे से गायब है। इसके बाद आरोपी अपने परिचित के साथ ही पत्नी को ढूंढने का नाटक करने निकल पड़ा। ढोंग करते हुए जब दोनों कमरे के पास पहुंचे तो सुनीता का शव पीठ के बल पड़ा मिला। इसके तुरंत बाद पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई।
यह भी पढ़ें : यह भी पढ़ें- विक्रमादित्य ने PM मोदी को दी नसीहत: बोले- शिक्षा मंत्री का लें इस्तीफा, फिर छात्रों से करें बात
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा ने दलबल के साथ मौका-ए-वारदात का जायजा लिया। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने घटनास्थल और आरोपी के कमरे से महत्वपूर्ण वैज्ञानिक व जैविक साक्ष्य जुटाए। मृतका के शरीर पर मौजूद बेरहमी से किए गए हमलों के निशान और शिकायतकर्ता द्वारा दी गई घरेलू हिंसा की जानकारी ने आरोपी पति की थ्योरी की धज्जियां उड़ा दीं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आशंका है कि इसी विवाद के दौरान महिला पर किसी भारी और ठोस वस्तु से कई बार हमला किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जांच में महिला के सिर, ठोड़ी, कान और पेट पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जो हिंसक हमले की ओर इशारा करते हैं।
वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर बरोटीवाला पुलिस ने शिकंजा कसते हुए आरोपी पति सुरेंद्र बेदिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (1) के तहत कत्ल का मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है।