#अपराध
March 31, 2026
हिमाचल : बेटी के साथ सो रही थी पत्नी, सुबह-सवेरे पति ने रेत डाला गला; झाड़-फूंक कर लौटा था घर
भाई ने किया पुलिस को फोन- बताई सच्चाई
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जहां एक पति ने अपनी ही पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।
इस घटना के बाद गांव में गहरा शोक व दहशत का माहौल बना हुआ है। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त महिला कमरे में अपनी बेटी के साथ सोई हुई थी। इस दौरान उसके पति ने कुल्हाड़ी के साथ उसका गला काट दिया।
जानकारी के अनुसार, जयसिंहपुर उपमंडल के कुटाहन गांव में 32 वर्षीय कालटी देवी की उसके पति सन्नी ने तेजधार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब महिला अपने घर में सो रही थी।
सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि उस वक्त उनकी छोटी बेटी भी मां के साथ ही बिस्तर पर सोई हुई थी और उसने इस भयावह घटना को बेहद करीब से देखा। बताया जा रहा है कि आरोपी सन्नी पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।
परिजनों के मुताबिक, वह बीते तीन-चार दिनों से असामान्य व्यवहार कर रहा था। सोमवार रात को वह अपने भाई के साथ किसी स्थान पर झाड़-फूंक करवाने के लिए गया था। वहां से लौटने के बाद वह अपनी पत्नी को साथ लेकर कुटाहन स्थित अपने भाई के घर पहुंचा।
रात करीब साढ़े तीन बजे के आसपास अचानक हालात ने खौफनाक मोड़ ले लिया। आरोपी ने कुल्हाड़ी उठाकर अपनी पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घर में मौजूद परिजन उस समय गहरी नींद में थे। मगर मासूम बेटी ने घटना होते देख तुरंत अपने चाचा को जगाया और बताया कि मम्मी को काट दिया है।

घटना की जानकारी मिलते ही आरोपी के भाई ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम बिना देरी किए मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए DSP बैजनाथ संदीप शर्मा भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
मृतका के परिजन, जो बरोट क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गए। उन्होंने इस जघन्य अपराध के लिए आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मूल रूप से बीड़ (बैजनाथ) का रहने वाला है, लेकिन उसका परिवार लंबे समय से लंबागांव क्षेत्र में रह रहा है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है और हत्या के पीछे के असली कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
परिजनों ने बताया कि मृतका के तीन बच्चे हैं- दो बेटे और एक बेटी। अब मां की मौत और पिता की गिरफ्तारी के बाद बच्चे बेसहारा हो गए हैं। मां के बिना बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल हो रहा है। इस घटना के बाद मां के साथ सो रही छोटी बच्ची काफी सहमी हुई है।