शिमला। हिमाचल प्रदेश में नशे का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। इस कारोबार में ज्यादातर प्रदेश के युवा संलिप्त हैं। ताजा मामले में पुलिस ने हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में चिट्टा तस्करी के गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस ने मामले में छह नौजवान युवाओं को गिरफ्तार किया है, जिनकी उम्र 24 साल से 32 साल के बीच है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से पांच युवक कोटखाई और एक चंडीगढ़ का रहने वाला है।
अप्पर शिमला में करते थे चिट्टा सप्लाई
यह सभी युवा अप्पर शिमला में चिट्टे की सप्लाई करते थे। शिमला पुलिस को यह कामयाबी राजधानी शिमला के कोटखाई में 12 ग्राम चिट्टे की खेप के साथ पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर मिली है।
छह नौजवान युवा हुए गिरफ्तार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीती 14 फरवरी को पुलिस टीम ने कोटखाई में परीक्षित नाम के युवक को 12 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा था। इसके बाद कोर्ट ने आरोपी को पुलिस रिमांड पर भेज दिया था। इसी बीच पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने इन तस्करों पर नजर रखी हुई थी।
इसी दौरान इन युवाओं की इस कारोबार में संलिप्तता होने के चलते पुलिस ने अब करीब दो महीने बाद चिट्टा तस्करी के गिरोह के सप्लायर और एजेंट समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़ें: CM सुक्खू के पीछे पड़े सुधीर शर्मा, भेजा पांच करोड़ का नोटिस
आरोपियों की पहचान कोटखाई निवासी आसुतोष (24), अभय चौहान (26), आदित्य चौहान (25), पारस जस्टा (27), विश्व राज सिंह (32) और चंडीगढ़ के रहने वाले साहिल (26) के रूप में हुई है।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी ठियोग सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर के पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि एसआईटी टीम द्वारा नशा तस्करों पर मुस्तैदी से निगरानी की जा रही है। इस कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बक्शा नहीं जाएगा।
https://www.facebook.com/news4himalayans