#अपराध
March 26, 2025
हिमाचल में पंजाबियों की गुंडई : होटल मालिक को पीटकर बिगाड़ा चेहरा- 5 अरेस्ट
कुल्लू के कसोल में होटल मालिक के साथ दबंगई
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की मणिकर्ण घाटी के कसोल में बाहरी पर्यटकों द्वारा होटल संचालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना में पांच युवकों ने होटल मालिक पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना सोमवार देर रात की है, जब पंजाब के पटियाला जिले से आए पांच युवक कसोल में एक होटल में पहुंचे। उन्होंने होटल संचालक देवी चंद से रात का खाना परोसने की मांग की।
लेकिन होटल का किचन बंद हो चुका था, जिसके कारण देवी चंद ने उन्हें भोजन देने में असमर्थता जताई। इस पर युवक भड़क गए और बहस करने लगे।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और पर्यटकों ने होटल संचालक पर हमला कर दिया। पांचों युवकों ने देवी चंद के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उनके चेहरे और आंखों पर गंभीर चोटें आईं। यही नहीं, हमलावरों ने होटल में तोड़फोड़ भी मचाई और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मणिकर्ण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कुल्लू के जरी क्षेत्र में नाकाबंदी कर सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान निम्न रूप में हुई है:
1. रफल खन्ना (22) - जिला पटियाला
2. तेजवीर सिंह (19) - समाणा, जिला पटियाला
3. गुरनूर सिंह (21) - खेड़ी फतन, जिला पटियाला
4. जसपाल शर्मा (23) - फतेहपुर, जिला पटियाला
5. अमन राम (22) - चोन्ट, जिला पटियाला
पुलिस ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 191(1), 191(3), 190, 333, 324(4), 351(2), 115(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कुल्लू के एसपी डॉ. गोकुल चंद्रन कार्तिकेयन ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना के बाद कसोल के स्थानीय होटल संचालकों और व्यापारियों में आक्रोश है। उनका कहना है कि बाहरी पर्यटकों द्वारा इस तरह की घटनाएं बार-बार हो रही हैं, जिससे स्थानीय लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि पर्यटकों पर निगरानी बढ़ाई जाए और इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं। फिलहाल, घायल होटल संचालक का अस्पताल में इलाज चल रहा है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।