#अपराध
December 28, 2025
हिमाचल : पत्नी ने नशा निवारण केंद्र भेजा नशेड़ी पति, बहन पहुंच गई थाने बोली- भाई हुआ कि*डनैप
नशा निवारण केंद्र संचालकों की कानूनी वैधता की हो रही पड़ताल
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पत्नी ने नशे से परेशान होकर पति को जबरन नशा निवारण केंद्र भिजवा दिया। भाई को इस तरह जबरदस्ती ले जाते देख उसकी बहन थाने पहुंच गई और भाई के किडनैप होने की एफआईआर दर्ज करवाई।
जानकारी के अनुसार, जिला कांगड़ा में धर्मशाला के नजदीकी गांव का यह व्यक्ति लंबे समय से नशे की लत से जूझ रहा था, जिसको लेकर उसका अपनी पत्नी के साथ विवाद चल रहा था। पत्नी मायके में रह रही थी, लेकिन कुछ दिन पहले ही ससुराल लौटी थी। इस दौरान उसने पति को फिर से नशा करते हुए देखा, जिसके बाद उसने ऊना के एक निजी नशा निवारण केंद्र से संपर्क किया।
बताया गया कि, शुक्रवार देर रात केंद्र के कर्मचारी गांव पहुंचे और युवक को जबरन अपने साथ ले गए। इस दौरान जब युवक की बहन ने विरोध किया, तो उसे भी धक्का-मुक्की का सामना करना पड़ा। बहन ने इसे अपहरण बताते हुए तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। हैरानी की बात यह रही कि पति को केंद्र भेजने के तुरंत बाद पत्नी फिर से अपने मायके लौट गई।
शिकायत मिलते ही धर्मशाला पुलिस हरकत में आई और ऊना स्थित नशा निवारण केंद्र से संपर्क साधा। पुलिस का दबाव बढ़ता देख केंद्र के संचालकों ने रातों-रात युवक को कांगड़ा के गगल क्षेत्र में छोड़ दिया। युवक ने आरोप लगाया कि केंद्र ले जाते समय और वापस छोड़ते वक्त उसके साथ मारपीट की गई।
यह भी पढ़ें : 7 दिन के अंदर हिमाचल में एक और से*क्स रैकेट का भंडाफोड़ : 2 युवक अरेस्ट, 4 लड़कियां का रेस्क्यू
मामले में ऊना स्थित नशा निवारण केंद्र के संचालकों पर युवक के साथ मारपीट करने के भी आरोप लगे हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि, शिकायत के आधार पर अपहरण और मारपीट से संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि नशा निवारण केंद्र को किसी व्यक्ति को जबरन ले जाने का अधिकार था या नहीं। साथ ही पत्नी की भूमिका और केंद्र संचालकों की कानूनी वैधता की भी पड़ताल की जा रही है।