#अपराध
March 23, 2026
हिमाचल की सब्जी मंडी में घमासान: दो समुदाय आमने-सामने, दुकान से बाहर फेंका सामान
देवभूमि संघर्ष समिति ने ताला तोड़ बाहर फेंका सामान
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में उस वक्त शांत माहौल अचानक तनाव में बदल गया, जब सब्जी मंडी की एक दुकान को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई तक पहुंच गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि विवाद उस समय बढ़ा जब देवभूमि संघर्ष समिति के कुछ सदस्य मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने दुकान का ताला तोड़ दिया और अंदर रखा सामान बाहर फेंकना शुरू कर दिया। उनका कहना है कि दुकान पर जबरन कब्जा किया गया है और इसे खाली करवाना जरूरी था। इस दौरान मौके पर काफी भीड़ भी इकट्ठा हो गई, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बड़ा फैसला- चिट्टा तस्कर नहीं लड़ पाएंगे पंचायत चुनाव, कैबिनेट में लगी मुहर

इसी बीच दुकान चलाने वाली महिला भी वहां पहुंच गई। अपनी दुकान की हालत देखकर वह भावुक हो गई और रोते हुए अपनी आपबीती सुनाने लगी। महिला का कहना है कि वह अपनी भाभी के निधन पर शोक पर गई थी। जब वापस लौटीं, तो देखा कि उनकी दुकान पर किसी और ने ताला लगा दिया है और उनका सामान भी इधर-उधर कर दिया गया है। इस घटना से वह काफी आहत दिखीं।
दूसरी ओर, समिति से जुड़े कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर वीडियो और पोस्ट के जरिए आरोप लगाए कि दुकान मालिक को धमकाया गया और एक बुजुर्ग महिला के साथ बदसलूकी भी हुई। उन्होंने यह भी दावा किया कि दुकान में लगे CCTV कैमरे तोड़ दिए गए। उनका कहना है कि यह दुकान सालों से, यहां तक कि 1947 से एक ही परिवार के पास थी और अब उस पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल घूमने आए थे हरियाणा से दो दोस्त, आधी रात को गहरी खाई में समाई कार और...
वहीं, दूसरे पक्ष ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि उन्होंने यह दुकान करीब एक करोड़ रुपये में खरीदी है और वे इसके कानूनी मालिक हैं। उनका दावा है कि कब्जे जैसी कोई बात नहीं है, बल्कि यह मामला आपसी विवाद को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है।

जैसे ही इस पूरे मामले की जानकारी पुलिस को मिली, अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और हालात को काबू में करने की कोशिश की। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सच्चाई क्या है।
नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें