#हादसा
March 23, 2026
हिमाचल घूमने आए थे हरियाणा से दो दोस्त, आधी रात को गहरी खाई में समाई कार और...
हिमाचल घूमने आए थे दो दोस्त
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत लेकिन चुनौतीपूर्ण पहाड़ी सड़कों पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बाहरी राज्यों से घूमने आने वाले पर्यटक अक्सर यहां की घुमावदार और संकरी सड़कों पर तेज रफ्तार में वाहन चलाते हैं, जो कई बार जानलेवा साबित हो जाता है। इसी बीच मंडी जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां एक पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा जिला मंडी के कटौला-बजौरा मार्ग पर स्थित 'संदोआ राकस नाला के पास पेश आया है। बताया जा रहा है कि दो दोस्त हिमाचल घूमने आए थे। लेकिन उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं था कि रास्ते का एक मोड़ उनकी जिंदगी के लिए इतना खतरनाक साबित हो सकता है।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू के मीडिया सलाहकार के बेटे पर दिनदिहाड़े हम*ला- रॉड और ग.न तानी, 2 अरेस्ट
बता दें कि रात करीब 12 बजे उनकी कार पहाड़ी इलाके के एक बेहद संकरे और तीखे मोड़ पर पहुंची। अंधेरा ज्यादा होने और रास्ता ठीक से नजर न आने के कारण चालक गाड़ी पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते कार सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना अचानक हुआ कि संभलने का मौका तक नहीं मिला।
हादसे की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को भी सूचना दी। थोड़ी ही देर में कटौला चौकी से पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
यह भी पढ़ें : मंत्री विक्रमादित्य सिंह की सास का कमाल : 65 की उम्र में खेली नेशनल गेम्स, 4 गोल्ड जीत रचा इतिहास
घायलों को तुरंत 108 एंबुलेंस के जरिए पास के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। हालत को देखते हुए बाद में उन्हें मंडी के जोनल अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है और वे खतरे से बाहर हैं, जो एक बड़ी राहत की बात है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में लापता युवक की खोज खत्म- दोस्तों ने ही मा*रकर जमीन में दफनाया, शव बरामद
पुलिस के अनुसार, हादसे के पीछे की असली वजह का अभी पता लगाया जा रहा है। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि या तो गाड़ी में तकनीकी खराबी आई होगी या फिर अंधेरे और खतरनाक मोड़ के कारण ड्राइवर रास्ता ठीक से नहीं भांप पाया।
बता दें कि हाल ही में चंबा जिले की पर्यटक नगरी डलहौजी घूमने आए छह लड़के और लड़कियां पंजाब से आए हुए थे। लेकिन सड़क हादसे के कारण 2 युवतियों सहित 3 की मौत हो गई। वहीं दूसरा हादसा जिला कुल्लू जिले के पर्यटक स्थल मनाली के पास कुलंग क्षेत्र में पेश आया, जहां सात लोग कार में सवार थे।