#अपराध
June 26, 2026
हिमाचल: सहपाठियों ने कॉलेज छात्र को सरेबाजार नि*र्वस्त्र कर घुमाया, डंडों से पी.टा; खौफ में पीड़ित
मामूली कहासुनी से शुरू हुए विवाद ने लिया उग्र रूप
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला से एक ऐसी सनसनीखेज घटना सामने आई है जिसने न केवल शैक्षणिक संस्थानों में छात्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि अभिभावकों की चिंता भी कई गुना बढ़ा दी है। गगरेट क्षेत्र के अंबोटा स्थित राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में पढ़ने वाले एक छात्र के साथ हुई बर्बरता ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
जानकारी के अनुसार मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद इतनी भयावह घटना में बदल गया कि जिसने भी इसका वीडियो देखा, उसकी रूह कांप उठी। आरोप है कि कुछ छात्रों ने अपने ही सहपाठी को निशाना बनाते हुए उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया। पहले उसे बीच बाजार में घेरा गया, फिर उसके कपड़े उतरवाकर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया और बाद में डंडों से बेरहमी से पीटा गया।
यह भी पढ़ें : BPL चयन में सुक्खू सरकार की नरमी : आय सीमा बढ़ाने के साथ बदले कई नियम- जानें
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपित छात्र अपने कई साथियों के साथ डंडे लेकर कॉलेज परिसर के आसपास पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वे पहले एक अन्य छात्र से भी उलझे और उसके बाद उस छात्र की तलाश में निकल पड़े जिससे उनका पहले विवाद हुआ था। जब छात्र अपने पीजी आवास में नहीं मिला तो आरोपित उसे पास की एक दुकान के बाहर मिल गए। इसके बाद बाजार के बीचोंबीच जो कुछ हुआ, उसने हर किसी को स्तब्ध कर दिया।
आरोपितों ने छात्र को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते स्थिति और भयावह हो गई जब छात्र को निर्वस्त्र कर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। इसके बाद आरोपितों ने उस पर डंडों की बौछार कर दी। बाजार में मौजूद लोग इस पूरी घटना को देखकर सकते में आ गए, लेकिन अचानक हुई इस वारदात से कोई भी तुरंत हस्तक्षेप नहीं कर पाया।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद पीड़ित छात्र इतना सहम गया कि उसने पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं करवाई। हालांकि किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और देखते ही देखते पुलिस अधिकारियों तक भी पहुंच गया।
वीडियो पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हीरेमठ के संज्ञान में आने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया। एसपी ने तुरंत घटना का कड़ा संज्ञान लेते हुए गगरेट पुलिस को जांच के आदेश दिए हैं। इसके बाद पुलिस ने वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी भारी रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि शैक्षणिक संस्थानों के आसपास बढ़ रही असामाजिक गतिविधियों पर तत्काल प्रभावी अंकुश लगाया जाना चाहिए ताकि छात्रों का भविष्य और सुरक्षा दोनों सुरक्षित रह सकें। वहीं अभिभावकों का कहना है कि यदि शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्र ही इस तरह की हिंसक घटनाओं का शिकार होने लगें तो यह बेहद चिंताजनक स्थिति है।
उधर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। मामले में शामिल सभी लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।