#अपराध
March 15, 2025
हिमाचल: 85 लाख रुपए की बीमा राशि हड़पने के लिए जिंदा पत्नी को बना दिया स्वर्गवासी
सोलन नगर निगम में चल रहा है फर्जी डेथ सर्टिफिकेट बनवाने का रैकेट
शेयर करें:

सोलन। सोलन नगर निगम में कमीशन लेकर फर्जी डेथ सर्टिफिकेट बनवाने के रैकेट का एक और मामला सामने आया है। पैसे की जरूरत होने पर पति ने श्मशानघाट कर्मचारियों की मदद से जिंदा पत्नी का फर्जी डेथ सर्टिफिकेट बनवा लिया। लेकिन इससे पहले कि वह पत्नी के नाम पर बीमे की राशि हड़प पाता, पत्नी ने खुद पत्र लिखकर बताया कि वह जिंदा है।
तीनों आरोपी अरेस्ट
अब फर्जी डेथ सर्टिफिकेट मामले में महिला के पति सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में नगर निगम के श्मशानघाट कर्मचारी को भी पकड़ा गया है। पति का नाम विशाल गोयबल है। उसने इस साल 7 जनवरी को पत्नी मोनिका गोयल की डेथ सर्टिफिकेट जमा की थी। 14 जनवरी को इसे रजिस्टर किया गया और 15 जनवरी को विशाल गोयल को पत्नी के मृत्यु प्रमाण पत्र की 5 प्रतियां जारी कर दी गईं।
रजिस्ट्रार की शिकायत पर राज खुला
असल में 1 फरवरी 2025 को खुद मोनिका गोयल ने जन्म-मृत्यु रजिस्ट्रार बिमला वर्मा एक पत्र लिखकर खुद के जिंदा होने की बात कही थी। मोनिका का आरोप था कि किसी ने श्मशानघाट में किसी और के अंतिम संस्कार के प्रमाण दिखाकर डेथ सर्टिफिकेट बनवा लिया है। डेथ सर्टिफिकेट पर सुरेश शर्मा, गगन और नगर निगम कर्मचारी धर्मपाल के हस्ताक्षर थे। बिमला वर्मा ने इस आधार पर 6 फरवरी 2025 को पुलिस को शिकायत दी थी।
भनक लगते ही फरार हुआ विशाल
जैसे ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की विशाल फरार हो गया था और उसने अपना फोन भी स्विच ऑफ कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने विशाल गोयल को 14 मार्च को चंडीगढ़ के जीरकपुर से गिरफ्तार कर लिया। श्मशानघाट कर्मचारी धर्मपाल और सुरेश शर्मा को भी गिरफ्तार किया गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : परिवार की होली हुई बेरंग, दोस्तों के साथ घूमने गया नौजवान बेटा खड्ड में डूबा
सुरेश ने फर्जी कागज बनाए, धर्मपाल ने साइन किए
जांच में पता चला कि विशाल को पैसों की जरूरत थी और उसने सोलन में आसानी से फर्जी डैथ सर्टिफिकेट बनवाने की जानकारी मिलने पर सुरेश शर्मा से संपर्क किया। सुरेश ने कमीशन लेकर मोनिका के पुराने आधार और राशन कार्ड के आधार पर फर्जी दस्तावेज तैयार करवा दिए। यह दस्तावेज धर्मपाल द्वारा ही नगर निगम कार्यालय में जन्म मृत्यु शाखा में जमा करवाए गए थे। सुरेश शर्मा सिरमौर जिले के निवासी हैं, जबकि धर्मपाल सोलन के रहने वाले हैं।