#अपराध
December 29, 2025
हिमाचल : चरस सप्लाई करने निकले थे 3 यार- रास्ते में खड़ी थी पुलिस, हुए गिरफ्तार
शक के आधार पर युवकों की ली तलाशी
शेयर करें:

कागंड़ा। हिमाचल प्रदेश में बाहरी राज्य के नशा तस्कर बेखौफ होकर नशे का कारोबार कर रहे हैं। इनमें प्रदेश के साथ-साथ बाहरी राज्यों के तस्कर भी शामिल हैं। हालांकि, पुलिस इनके खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है और आए दिन आरोपी धरे जा रहे हैं। ताजा मामला जिला कांगड़ा जिला से सामने आया है। यहां पर पुलिस ने नशे की भारी खेप के साथ तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला कांगड़ा के डमटाल थाना क्षेत्र के तौकी इलाके में पुलिस टीम गश्त पर थी। इस दौरान पुलिस द्वारा सड़क से गुजरने वाले सभी वाहनों और लोगों की नियमित जांच की जा रही थी। तभी सामने से तीन युवक आते हुए दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही वे घबरा गए और उनका व्यवहार संदिग्ध लगने लगा।
युवकों की इन हरकतों पर शक होने के कारण पुलिस टीम ने उन्हें तुरंत रोक लिया। इसके बाद नियमानुसार उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस टीम को युवकों के कब्जे से 1 किलो 852 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने तीनों युवकों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
सोनू उर्फ नीटू - पिता: बहादुर चंद, निवासी सैली कुलियां, पठानकोट (पंजाब)
मुकेश कुमार उर्फ रिंकू - पिता: सतपाल, निवासी लमीणी, पठानकोट (पंजाब)
बलविंद्र उर्फ बिल्ला - पिता: ज्ञान चंद, निवासी छन्नी, इंदौरा, जिला कांगड़ा
इस मामले में डमटाल पुलिस थाना में NDPS एक्ट की अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नशा बेचने और सप्लाई करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी छोड़ा नहीं जाएगा।