#अपराध
February 8, 2026
हिमाचल : पिकअप में चरस सप्लाई करने निकले तीन दोस्त, पुलिस से हुआ सामना- पहुंचे सलाखों के पीछे
पुलिस ने आरोपी की पिकअप भी की सीज
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश नशा तस्करों का गढ़ बनता जा रहा है। प्रदेश के कोने-कोने में नशा तस्करी के काले धंधे ने अपने पैर पसार लिए हैं। इसी कड़ी में हिमाचल पुलिस हर जगह पैनी नजर रखे हुए है और इस कारोबार से जुड़े लोगों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे डाला जा रहा है।
ताजा मामला जिले कांगड़ के पंचरुखी क्षेत्र से सामने आया है, जहाँ पुलिस ने नशे की बड़ी खेप के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह सफलता पुलिस की सतर्क नाकाबंदी के दौरान मिली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंचरुखी क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करों को पकड़ने के लिए नाका लगाया हुआ था। आवाजाही वाले सभी वाहनों की नियमित चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही एक पिकअप को तलाशी के लिए रोका गया।
पुलिस को देख पिकअप सवार तीनों युवक घबरा गए। युवकों की संदिग्ध हरकतों पर शक जताते हुए पुलिस ने पिकअप ट्राले की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान पिकअप से 140 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने बरामद चरस और पिकअप ट्राले को सीज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ पंचरुखी थाना में NDPS एक्ट की अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। तीनों आरोपियों को नशे की खेप के साथ गिरफ्तार किया गया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर सप्लाई किया जाना था।