#अपराध
July 16, 2025
हिमाचल : सावन माह में दिनदहाड़े शिव मंदिर में चोरी, श्रद्धालु बनकर आया था युवक
बाइक पर आए युवक ने मंदिर में की चोरी
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश को यूं तो देशभर में देवभूमि के नाम से भी जाना जाता है। मगर सावन के इस पवित्र महीने में कुछ शरारती तत्वों ने शिव मंदिर में ही चोरी को अंजाम देकर प्रदेश की छवि धूमिल की है। चोरी का यह मामला सूबे के जिला हमीरपुर से सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, हमीरपुर ज़िले की ग्राम पंचायत नारा के अंतर्गत वलडोड गांव से यह बेहद चिंताजनक घटना सामने आई है, जहां दिनदहाड़े एक युवक द्वारा दो मंदिरों में चोरी की गई है।
यह भी पढ़ें : 28 साल की युवती.. दो साल से दे रही थी पुलिस को चकमा, कबूरतबाजी के आरोप में धरी
यह चोरी शिव मंदिर और कुलदेवी मंदिर में हुई, जहां से बड़ी साइज की पीतल की घंटियां गायब पाई गईं। मंदिर की देखरेख करने वाले रघुवीर सिंह गर्ग ने बताया कि सावन के पावन महीने की शुरुआत को देखते हुए उन्होंने सोचा था कि मंदिर में कोई श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर रहा होगा, इसलिए शुरुआत में किसी को शक नहीं हुआ।
घटना का खुलासा तब हुआ जब मंदिर के पास रहने वाली सरोती देवी को मंदिर परिसर से कुछ अजीब सी आवाज़ें सुनाई दीं। जब वह तुरंत मौके पर पहुंचीं, तो उन्होंने देखा कि मंदिर के भीतर से एक युवक हैल्मेट पहने हुए बाहर निकला, जिसके हाथ में नीले रंग का बैग था। वह तेज़ी से बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के हक में सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला, अब इस बिजली परियोजना से मिलेगी 18% रायल्टी
सरोती देवी की आवाज़ सुनकर आस-पास के ग्रामीण भी मंदिर परिसर में पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि मंदिर में लगे दानपात्र को तोड़ने की कोशिश की गई थी और पीतल की कीमती घंटियां गायब थीं। चोरी की इस घटना ने ग्रामीणों को झकझोर दिया है, खासकर ऐसे समय में जब श्रद्धा का माह सावन चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही रघुवीर सिंह ने नज़दीकी पुलिस चौकी में इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस चौकी प्रभारी ने आश्वासन दिया है कि संदिग्ध युवक की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ़्तार कर लिया जाएगा।