#अपराध

July 21, 2026

हिमाचल में एक चोर ने सस्पेंड करा दिए 3 पुलिसवाले, नाक के नीचे से हुआ था फरार

पंचायती राज चुनाव के दौरान हुई थी चोरी

शेयर करें:

Himachal Pradesh News

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर में एक चोरी के आरोपी ने पुलिस को ऐसा चकमा दिया कि उसकी निगरानी में तैनात तीन पुलिसकर्मियों पर ही कार्रवाई हो गई। आरोपी चोरी की जगहों की शिनाख्त कराने के दौरान पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने कई घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाकर उसे देर रात दोबारा गिरफ्तार कर लिया, लेकिन ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में तीन पुलिस जवानों को सस्पेंड कर दिया गया। 

पंचायती राज चुनाव के दौरान हुई थी चोरी

जानकारी के अनुसार, घुमारवीं उपमंडल की औहर पंचायत में पंचायती राज चुनावों के दौरान दो घरों में चोरी हुई थी। इसके अलावा करीब आठ से दस घरों में चोरी करने की कोशिश भी की गई थी। मामले की जांच के दौरान झंडूता पुलिस ने 6 जुलाई को पंजाब के घनौली निवासी सलीम को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, सलीम इन चोरी की वारदातों का मुख्य आरोपी बताया जा रहा था।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में अब 12 नहीं... पूरे 15 साल दौड़ेंगी टूरिस्ट टैक्सियां, सुक्खू सरकार ने दी ऑपरेटरों को राहत

आरोपी को लेकर गए थे चार पुलिसकर्मी 

पुलिस आरोपी सलीम को हीरापुर और भंजवाणी इलाके में चोरी वाली जगहों की पहचान कराने के लिए लेकर गई थी। पुलिस वाहन में चालक समेत कुल चार पुलिसकर्मी मौजूद थे। इसी दौरान भंजवाणी के पास किसी विवाद की सूचना मिली। इसके बाद दो पुलिसकर्मी वहां चले गए, जबकि दो जवान आरोपी की निगरानी कर रहे थे।

मौका मिलते ही डांक में कूदकर भाग गया

इसी दौरान आरोपी ने मौका देखकर पुलिस को चकमा दे दिया और पास की डांक में छलांग लगाकर फरार हो गया। आरोपी के भागने की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। इसके बाद आसपास के जंगलों और संभावित ठिकानों पर पुलिस ने बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बादल फटने से हाहाकार : बाढ़ में बहे कई मकान, लोगों की चीखों से दहला इलाका

कई घंटे की तलाश के बाद देर रात दोबारा गिरफ्तार

आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें अलग-अलग जगहों पर तलाश में जुट गईं। कई घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस ने देर रात आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस हिरासत में रखा गया है।

ड्यूटी में लापरवाही पर तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड

आरोपी के फरार होने के मामले में ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले तीन पुलिस जवानों पर कार्रवाई की गई है। बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि आरोपी के फरार होने के तुरंत बाद पुलिस टीमों को उसकी तलाश में लगा दिया गया था और उसे देर रात पकड़ लिया गया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में महंगाई ने बिगाड़ा रसोई का बजट- देसी घी 50 रुपये महंगा, अब इतने में मिलेगा..

उन्होंने बताया कि मामले में लापरवाही सामने आने के बाद तीन पुलिस जवानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख